इंदौर में दहेज विवाद ने पकड़ा तूल: डॉक्टर ने पुलिस पर लगाए मारपीट के आरोप, थानेदार बोले– कार्रवाई से बचने की कोशिश !

Spread the love

इंदौर में पारिवारिक विवाद और दहेज प्रताड़ना के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। एक ओर जहां महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना तथा मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं दूसरी ओर महिला के जेठ डॉक्टर ने पुलिस पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर दोनों पक्षों के बयान आमने-सामने आ गए हैं।

घटना हीरानगर थाना क्षेत्र की है, जहां पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके पति, जेठ और सास-ससुर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया है।

डॉक्टर ने लगाया पुलिस पर मारपीट का आरोप

महिला के जेठ अभिषेक ने आरोप लगाया कि पुलिस ने थाने में उनके साथ मारपीट की। उनका कहना है कि उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन वहां पुलिसकर्मियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया।

हालांकि, सुशील पटेल ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। टीआई के अनुसार डॉक्टर और उसके परिवार पर दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया गया है और कार्रवाई से बचने के लिए वे पुलिस पर झूठे आरोप लगा रहे हैं।

महिला ने पति और ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

पीड़िता, जो मेघदूत नगर की रहने वाली है, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 29 नवंबर 2025 को पारिवारिक सहमति से हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद उसका पति अमन नोएडा चला गया।

महिला के अनुसार अमन ने कहा था कि वह जल्द ही इंदौर ट्रांसफर करवा लेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही सास-ससुर और जेठ उसे कार नहीं लाने को लेकर ताने देते थे। बाद में ससुर ने यह कहते हुए मायके से पैसे मंगवाने का दबाव बनाया कि अमन को नोएडा में रुपयों की जरूरत है।

महिला का कहना है कि जब उसने मायके से पैसे लाने से मना कर दिया, तब उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

पति पर लगाए निजी जीवन से जुड़े आरोप

महिला ने अपनी शिकायत में यह भी दावा किया कि बाद में उसे पता चला कि उसका पति नोएडा में एक युवक के साथ रहता है।

उसने आरोप लगाया कि जब उसने अपने पति से अपने साथ रखने की बात कही तो अमन ने साफ मना कर दिया। महिला के मुताबिक, इंदौर आने पर भी अमन उससे दूरी बनाकर रखते थे।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि अमन ने कहा था कि नोएडा में रहने वाला युवक उसकी जिम्मेदारी है। बाद में 27 फरवरी 2026 को अमन ने तलाक लेने की बात कही।

इसके बाद महिला ने पूरी जानकारी अपने मायके वालों को दी। अगले दिन सास-ससुर से विवाद होने के बाद वह अपने मायके लौट गई।

महिला ने जारी किया वीडियो

मामले में महिला ने एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें उसने ससुराल पक्ष पर घर पहुंचकर हंगामा करने के आरोप लगाए हैं।

बताया जा रहा है कि सोमवार को पति के परिजन महिला के घर पहुंचे थे, जहां दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। इस दौरान काफी हंगामा भी हुआ।

पुलिस ने दर्ज किया दहेज प्रताड़ना का केस

महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसके पति अमन, जेठ अभिषेक, ससुर अमर सिंह और सास सुनीता के खिलाफ दहेज प्रताड़ना सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं।

थाने में बिगड़ी तबीयत, अस्पताल ले गई पुलिस

मंगलवार को पुलिस ने डॉक्टर अभिषेक को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। इसी दौरान उन्होंने सीने में दर्द और तबीयत खराब होने की शिकायत की।

इसके बाद पुलिस उन्हें इलाज के लिए एमवाय अस्पताल लेकर पहुंची। वहां जांच के बाद डॉक्टर की हालत सामान्य पाई गई। बाद में वह अस्पताल से चले गए।

इसके बाद डॉक्टर ने मीडिया के सामने पुलिस पर मारपीट के आरोप लगाए।

पुलिस का पक्ष

टीआई सुशील पटेल का कहना है कि पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को पूछताछ के लिए बुलाया गया था और किसी प्रकार की मारपीट नहीं हुई।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दहेज प्रताड़ना और पारिवारिक विवाद के इस मामले में सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर आगे और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *