इंदौर।
शहर में रविवार को अलग–अलग इलाकों में हुए दो सड़क हादसों ने एक बार फिर ट्रैफिक व्यवस्था और वाहन चालकों की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए। राहत की बात यह रही कि दोनों ही घटनाओं में किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई और सभी लोग सुरक्षित बच गए।
विजयनगर में यात्री बस ट्रैफिक सिग्नल से टकराई
पहली घटना विजयनगर क्षेत्र की है, जहां रविवार सुबह करीब 5:30 बजे एक यात्री बस ट्रैफिक सिग्नल से जा टकराई। उदयपुर से भोपाल जा रही अशोक ट्रैवल्स की एसी स्लीपर बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और सिग्नल पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैफिक सिग्नल टूटकर सड़क पर गिर गया, वहीं बस के अगले हिस्से को भी नुकसान पहुंचा।

बस में करीब 35 यात्री सवार थे। हादसे के समय यात्री गहरी नींद में थे, लेकिन गनीमत रही कि किसी को भी चोट नहीं आई। सूचना मिलने पर गश्त कर रहे पुलिस जवान तुरंत मौके पर पहुंचे और ट्रैफिक व्यवस्था को संभाला।
पुलिस के अनुसार, बस क्रमांक MP 14 ZF 9954 रसोमा चौराहे से विजय नगर की ओर आ रही थी। बस चालक प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि सड़क के बीचोंबीच लगे सिग्नल और बीआरटीएस हटने के बाद बदले ट्रैफिक पैटर्न के कारण उन्हें भ्रम हो गया। चालक के मुताबिक बस की गति ज्यादा नहीं थी, लेकिन स्थिति को समय पर समझ न पाने के कारण यह हादसा हो गया।
इस घटना में ट्रैफिक सिग्नल को काफी नुकसान पहुंचा है, वहीं बस को भी आंशिक क्षति हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हीरानगर में ट्रक की टक्कर से कार का टायर फटा
दूसरी घटना शनिवार रात हीरानगर क्षेत्र की है, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का टायर फट गया और कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर की ओर बढ़ गई। हालांकि बड़ा हादसा होने से पहले ही चालक ने कार संभाल ली।
कार चालक अशोक शुक्ला निवासी वंदना नगर ने पुलिस को बताया कि वे चंद्रगुप्त चौराहे की ओर से एमआर-10 की तरफ जा रहे थे, तभी पीछे से आए ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद धमाके जैसी आवाज आई और टायर फट गया।
हादसे के समय कार में पूरा परिवार सवार था। कार के एयरबैग खुल जाने के कारण सभी लोग सुरक्षित बच गए और किसी को चोट नहीं आई।
पुलिस ने अशोक शुक्ला की शिकायत पर ट्रक क्रमांक CG 04 NM 7361 के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर ट्रक को जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण हादसा हुआ।
पुलिस की अपील
दोनों ही घटनाओं के बाद पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे शहर में बदलती ट्रैफिक व्यवस्था और संकेतों पर विशेष ध्यान दें। तेज रफ्तार और लापरवाही न केवल खुद की, बल्कि दूसरों की जान भी खतरे में डाल सकती है।
गनीमत रही कि इन हादसों में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन ये घटनाएं सड़क सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की सख्त जरूरत जरूर बताती हैं।