इंदौर : यूथ वॉक–2026 ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, हजारों युवाओं ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प !

Spread the love

इंदौर में आयोजित युवा नशा-उन्मूलन जागरूकता वॉक (यूथ वॉक–2026) ने एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स (लंदन) में अपना नाम दर्ज कराया है। 8 फरवरी 2026 को हुए इस ऐतिहासिक आयोजन में करीब 10 हजार युवाओं की सक्रिय सहभागिता रही, जिससे यह कार्यक्रम नशा विरोधी जन-जागरूकता के क्षेत्र में विश्व रिकॉर्ड बन गया।

करीब 3 किलोमीटर लंबी यह जागरूकता वॉक सुबह 9 बजे नेहरू स्टेडियम से शुरू हुई। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखते हुए उन्हें सकारात्मक, रचनात्मक और राष्ट्रनिर्माण से जुड़ी गतिविधियों की ओर प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के आयोजक रुद्राक्ष गोलू शुक्ला ने बताया कि इस पहल के माध्यम से समाज में नशे के खिलाफ एक मजबूत संदेश देना लक्ष्य था। आयोजकों के अनुसार, इस वॉक में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 20 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता रही।

कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री खगेंद्र भार्गव, भाजपा विधायक गोलू शुक्ला सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। खगेंद्र भार्गव ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की लगभग 50 प्रतिशत आबादी युवा है और यही कारण है कि देश को कमजोर करने के लिए युवाओं को नशे की लत में फंसाने की साजिशें की जा रही हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

भाजपा विधायक गोलू शुक्ला ने कहा कि आज का युवा देश की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवा सही दिशा में आगे बढ़े तो भारत को विश्वगुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने रुद्राक्ष शुक्ला द्वारा किए गए इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम बनते हैं।

25 हजार से अधिक युवाओं ने कराया पंजीयन

यूथ वॉक–2026 के लिए अब तक करीब 25 हजार युवाओं ने पंजीयन कराया है। प्रतिभागियों को आयोजन स्थल पर टी-शर्ट और कैप प्रदान की गई। यह वॉक नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर जीपीओ, छावनी, मधु मिलन, एमवाय अस्पताल और शिवाजी वाटिका होते हुए पुनः नेहरू स्टेडियम पर समाप्त हुई। इसमें बड़ी संख्या में स्कूल, कॉलेज और विभिन्न एकेडमी के युवा शामिल हुए, जिन्होंने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *