इंदौर: लसूड़िया में मिले परनवाल दंपत्ति के शव, परिजनों ने लेने से किया इनकार, पुलिस करेगी अंतिम संस्कार !

Spread the love

इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित सेटेलाइट जंक्शन में रहने वाले कन्हैया लाल परनवाल और उनकी पत्नी स्मृति परनवाल की मौत का मामला सामने आने के बाद एक मार्मिक स्थिति उत्पन्न हो गई है। दंपत्ति के परिजनों ने दोनों के शव लेने से साफ इनकार कर दिया है। पुलिस द्वारा संपर्क करने पर बड़े भाई ने इंदौर आने से मना करते हुए पुलिस से ही दोनों का दाह संस्कार कराने की बात कही है।

गुरुवार को घर में मिले थे दोनों के शव

परनवाल दंपत्ति के शव गुरुवार को उनके ही मकान में मिले थे। घर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर देखा तो कन्हैया लाल का शव बेड पर और उनकी पत्नी स्मृति का शव बाथरूम में पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत कई दिन पहले होने की आशंका जताई गई है।

मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले थे

कन्हैया लाल परनवाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के निवासी थे। वे चार भाइयों में से एक थे। कई साल पहले वे अपनी पत्नी के साथ इंदौर आकर बस गए थे और वर्ष 2016 से सेटेलाइट जंक्शन क्षेत्र में रह रहे थे। दंपत्ति का न तो पड़ोसियों से ज्यादा मेलजोल था और न ही परिजनों से नियमित बातचीत होती थी।

डायरी से मिला बड़े भाई का नंबर

मकान की तलाशी के दौरान पुलिस को एक डायरी मिली, जिसमें कन्हैया लाल के बड़े भाई का मोबाइल नंबर दर्ज था। लसूड़िया थाना प्रभारी तारेश सोनी ने फोन कर उन्हें पूरे मामले की जानकारी दी और इंदौर आकर शव लेने को कहा, लेकिन बड़े भाई ने आने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि महीनों में एक बार ही बातचीत होती थी और ज्यादा संपर्क नहीं था। उन्होंने पुलिस से कहा कि वही दोनों का अंतिम संस्कार करा दे।

पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज

टीआई तारेश सोनी के अनुसार, दोनों की मौत करीब 15 दिन पहले होने का अनुमान है। शव काफी पुराने होने के कारण गुरुवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका था। अब शुक्रवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा, जिससे मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

बीमारी और लाचार स्थिति की आशंका

पुलिस ने बताया कि कन्हैया लाल लकवाग्रस्त थे और बोलने में भी परेशानी थी। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार पहले स्मृति परनवाल की बाथरूम में मौत हुई होगी और कन्हैया लाल शारीरिक असमर्थता के कारण बिस्तर से उठ नहीं पाए, जिससे बाद में उनकी भी मौत हो गई। मदद के लिए आवाज न लगा पाने की स्थिति भी सामने आ रही है।

मोबाइल और CCTV से जांच

पुलिस को घर से दोनों के मोबाइल फोन मिले हैं, जो स्विच ऑफ थे। अब उन्हें चार्ज कर कॉल डिटेल और अन्य जानकारियां खंगाली जा रही हैं, ताकि यह पता चल सके कि आखिरी बार दोनों की किससे बातचीत हुई थी। इसके साथ ही घर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी जांचे जाएंगे, जिससे उनके अंतिम समय की गतिविधियों का पता चल सके।

संतान न होने से अवसाद में रहने की बात

पुलिस के मुताबिक कन्हैया लाल और स्मृति की कोई संतान नहीं थी। माना जा रहा है कि इसी कारण वे अवसाद में रहते थे और सामाजिक व पारिवारिक संपर्क सीमित कर लिया था।

पुलिस कराएगी अंतिम संस्कार

परिजनों के इनकार के बाद अब पुलिस प्रशासन नियमानुसार दोनों का अंतिम संस्कार कराएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की आगे की जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *