सागर — मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 आज (रविवार, 26 अप्रैल) को सागर जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा में कुल 4262 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रशासन द्वारा परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।
डेढ़ घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य
परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 90 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य किया गया है। देरी से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रवेश के दौरान त्रिस्तरीय जांच प्रक्रिया अपनाई जाएगी, जिसमें एचएचएमडी (हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर), एडमिट कार्ड स्कैनिंग और बायोमेट्रिक सत्यापन शामिल हैं।
दो पालियों में आयोजित होगी परीक्षा
परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की जाएगी। पहला सत्र सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 2:15 बजे से शाम 4:15 बजे तक रहेगा। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए महेंद्र सिंह भिलाला को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

प्रशासन की सख्त निगरानी
सागर संभाग के कमिश्नर अनिल सुचारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। केंद्र अधीक्षक, प्रेक्षक, फ्लाइंग स्क्वॉड, पुलिस और बिजली विभाग को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
परीक्षा में ये वस्तुएं प्रतिबंधित
सुरक्षा कारणों से परीक्षा केंद्रों पर कई वस्तुओं पर प्रतिबंध लगाया गया है। परीक्षार्थियों को जूते-मोजे, बेल्ट, घड़ी, सनग्लासेस, पर्स, टोपी, क्लचर, धातु या चमड़े के बैंड जैसी वस्तुएं ले जाने की अनुमति नहीं होगी। केवल चप्पल या सैंडल पहनकर ही प्रवेश मिलेगा।
इसके अलावा, चेहरे को ढंककर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, हिजाब, पगड़ी, पल्ला और धार्मिक धागों का सम्मानपूर्वक परीक्षण किया जाएगा, लेकिन महिलाओं के गहने उतरवाए नहीं जाएंगे।
इन दस्तावेजों के साथ ही मिलेगा प्रवेश
अभ्यर्थियों को अपने साथ केवल ई-प्रवेश पत्र, वैध पहचान पत्र, निर्धारित स्याही का पेन, स्वयं का फोटो और पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की अनुमति होगी। इसके अतिरिक्त कोई भी सामग्री प्रतिबंधित रहेगी।
ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों के लिए विशेष व्यवस्था
प्रशासन ने ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की है। उन्हें अपनी तलाशी (फिस्किंग) महिला या पुरुष कर्मचारी में से किसी एक का चयन करने का विकल्प दिया गया है।
सागर के 11 परीक्षा केंद्र
सागर जिले में परीक्षा के लिए 11 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें प्रमुख रूप से शासकीय कन्या उत्कृष्ट महाविद्यालय, शासकीय आईटीआई खुरई रोड, ज्ञान सागर इंजीनियरिंग कॉलेज, एडिना इंजीनियरिंग कॉलेज, बीटीआईआरटी इंजीनियरिंग कॉलेज सहित अन्य शासकीय एवं निजी संस्थान शामिल हैं।
एमपीपीएससी परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और पारदर्शी एवं निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। परीक्षार्थियों को निर्देशों का पालन करते हुए समय पर केंद्र पर पहुंचने और नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।