Kangana Ranaut एक बार फिर अपने बेबाक बयान को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने सोशल मीडिया पर Aishwarya Rai Bachchan को ट्रोल करने वालों को करारा जवाब दिया है। कांस फिल्म फेस्टिवल 2026 में ऐश्वर्या राय के लुक्स को लेकर जहां दुनियाभर में तारीफ हो रही थी, वहीं सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स उन्हें उनके लुक्स और उम्र को लेकर ट्रोल भी कर रहे थे। अब कंगना रनोट ने ऐसे ट्रोलर्स पर निशाना साधते हुए कहा है कि लोगों को रेड कार्पेट पर उम्रदराज महिलाओं को देखने की आदत डाल लेनी चाहिए।
दरअसल, हर साल की तरह इस साल भी ऐश्वर्या राय Cannes Film Festival का हिस्सा बनीं। कांस में उनके कई लुक्स सोशल मीडिया पर वायरल हुए। किसी ने उनके ग्लोबल स्टारडम की तारीफ की तो कुछ लोगों ने उनके फैशन और स्टाइल को लेकर सवाल उठाए। ट्रोलिंग बढ़ने के बाद कंगना रनोट ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से ऐश्वर्या की तस्वीर शेयर करते हुए लंबा पोस्ट लिखा।

कंगना ने लिखा कि फैशन और स्टाइल किसी इंसान की निजी पहचान और खुद को व्यक्त करने का तरीका होता है। हर व्यक्ति अपनी जिंदगी और सोच को अपने तरीके से सामने रखता है। उन्होंने कहा कि कोई भी महिला किसी को खुश करने या खुद को साबित करने के लिए मजबूर नहीं है।
कंगना ने आगे लिखा, “ऐश्वर्या बेहद खूबसूरत लग रही हैं। जिन्हें उन्हें किसी और तरीके से देखना है, वो पहले खुद दिखाएं कि उनमें क्या खास है। वह यहां किसी को खुश करने नहीं आई हैं। वह शानदार हैं। अगर आपको रेड कार्पेट पर उम्रदराज महिलाओं को देखने की आदत नहीं है, तो अब इसकी आदत डाल लीजिए।”
कंगना का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई लोग उनके इस समर्थन की तारीफ कर रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स उन्हें पुराने बयानों की याद भी दिला रहे हैं। दरअसल, यह वही कंगना हैं जिन्होंने कई बार Jaya Bachchan पर सार्वजनिक रूप से टिप्पणी की थी। कभी उन्होंने जया बच्चन को “एरोगेंट” कहा था, तो कभी यह बयान दिया था कि लोग उन्हें सिर्फ इसलिए झेलते हैं क्योंकि वह Amitabh Bachchan की पत्नी हैं। ऐसे में अब ऐश्वर्या राय के समर्थन में कंगना का बयान चर्चा का विषय बन गया है।
इस साल कांस फिल्म फेस्टिवल में ऐश्वर्या राय की मौजूदगी पहले से ज्यादा चर्चा में रही। दरअसल, शुरुआत में खबरें आई थीं कि Alia Bhatt ने लोरियल पेरिस की ओर से कांस में डेब्यू किया है और अब वह ऐश्वर्या को रिप्लेस कर सकती हैं। सोशल मीडिया पर इसको लेकर खूब चर्चाएं हुईं। लेकिन क्लोजिंग सेरेमनी से पहले ऐश्वर्या राय ने कांस पहुंचकर सभी अटकलों पर विराम लगा दिया।
इस दौरान उनके साथ उनकी बेटी Aaradhya Bachchan भी नजर आईं। ऐश्वर्या ने डिजाइनर अमित अग्रवाल का खास डिजाइन किया हुआ गाउन पहनकर रेड कार्पेट पर वॉक किया। इसके बाद वह ब्लश पिंक ड्रेस में भी नजर आईं। दोनों ही लुक्स को फैंस ने काफी पसंद किया।

हालांकि सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उनके फैशन चॉइस और बढ़ती उम्र को लेकर टिप्पणी करनी शुरू कर दी। कई यूजर्स ने कहा कि ऐश्वर्या को अपने लुक्स बदलने चाहिए, जबकि कुछ ने उनके मेकअप और आउटफिट को लेकर आलोचना की। लेकिन उनके समर्थकों का कहना है कि ऐश्वर्या आज भी इंटरनेशनल रेड कार्पेट की सबसे चर्चित भारतीय स्टार्स में शामिल हैं और उनकी मौजूदगी ही भारत के लिए गर्व की बात है।
गौरतलब है कि ऐश्वर्या राय का कांस फिल्म फेस्टिवल से बेहद खास रिश्ता रहा है। उन्होंने साल 2002 में कांस में डेब्यू किया था। उस समय वह फिल्म ‘देवदास’ की स्क्रीनिंग के लिए पहुंची थीं और पीली साड़ी में उनका ट्रेडिशनल लुक काफी चर्चा में रहा था। इसके बाद से वह लगभग हर साल कांस में शामिल होती रही हैं।

बीते वर्षों में भी ऐश्वर्या के कई लुक्स सुर्खियों में रहे। कभी उनकी पर्पल-ब्लू लिपस्टिक को लेकर सोशल मीडिया पर मजाक बना, तो कभी उनके अलग अंदाज वाले गाउन को लेकर ट्रोलिंग हुई। लेकिन हर बार उन्होंने आत्मविश्वास के साथ रेड कार्पेट पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
ऐश्वर्या राय कांस फिल्म फेस्टिवल की ज्यूरी बनने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री भी रही हैं। उनसे पहले फिल्मकार मृणाल सेन और मीरा नायर ज्यूरी का हिस्सा बन चुके थे। बाद में Deepika Padukone, Vidya Balan और Sharmila Tagore भी इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल हुईं।
फिलहाल कंगना रनोट का यह बयान सोशल मीडिया पर बहस का विषय बना हुआ है। कई लोग इसे महिलाओं के आत्मविश्वास और उम्र को लेकर समाज की सोच पर बड़ा संदेश मान रहे हैं। वहीं कुछ लोग कंगना के पुराने बयानों को याद कर उनके इस समर्थन को विरोधाभासी भी बता रहे हैं।