भोपाल।
कमला नगर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए घर के एक कमरे में संचालित अवैध हथियार फैक्ट्री पर छापा मारकर 75 छुरियां और 4 तलवारें जब्त की हैं। इस मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों दुर्गेश विश्वकर्मा और चंदन विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी निरूपा पांडे ने बताया कि आरोपी बापू नगर क्षेत्र के निवासी हैं और उन्होंने अपने घर के एक कमरे को कारखाने में तब्दील कर रखा था। यहां बड़े पैमाने पर छुरी, चाकू और तलवारें तैयार कर उन्हें अवैध रूप से बेचने का काम किया जा रहा था।

मुखबिर की सूचना पर देर रात दबिश
पुलिस को लंबे समय से आरोपियों की गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी। मंगलवार देर रात मुखबिर से पुख्ता सूचना मिलने पर पुलिस ने दबिश दी। बंद कमरे को खुलवाकर जांच की गई, जहां बड़ी संख्या में तैयार हथियार बरामद हुए।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि पुलिस की सख्ती के चलते वे हथियारों को बाहर नहीं ले जा सके थे, इसलिए तैयार हथियारों को कमरे में ही बंद कर रखा गया था।

पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार आरोपी चंदन विश्वकर्मा का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है। करीब एक साल पहले भी दोनों भाइयों के खिलाफ अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के मामले में कार्रवाई की जा चुकी है, तब भी बड़ी मात्रा में हथियार जब्त किए गए थे।
ऑर्डर पर बनाते थे हथियार
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ऑर्डर के अनुसार अलग-अलग साइज और डिजाइन की तलवारें व अन्य धारदार हथियार तैयार करते थे। पिछले कुछ समय से दोबारा हथियार निर्माण की सूचना पर पुलिस चार टीमों के जरिए निगरानी कर रही थी।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।