बॉलीवुड एक्ट्रेस मौनी रॉय ने हरियाणा के करनाल में हाल ही में हुए एक इवेंट के दौरान उनके साथ हुई अनुचित हरकतों को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी व्यक्त की है। एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि कुछ दर्शकों का व्यवहार बेहद असहज और शर्मनाक था।
मौनी ने बताया कि इवेंट के दौरान दो अंकल — जो कि दादा की उम्र के थे — और उनके परिवार के पुरुष सदस्यों ने स्टेज की ओर जाते समय उनकी कमर पर हाथ रख दिया, जिसे मौनी ने साफ मना किया। इसके बावजूद, जब उन्होंने विनम्रता से कहा कि हाथ हटा लें, तो उनका यह व्यवहार जारी रहा।

अश्लील टिप्पणियां और इशारे
मौनी ने बताया कि स्टेज पर दो अंकल उनके सामने खड़े होकर अश्लील टिप्पणियां कर रहे थे, गालियां दे रहे थे और अश्लील इशारे कर रहे थे। उन्होंने इस पर उन्हें विनम्रता से रोकने की कोशिश की, लेकिन इसके जवाब में उन लोगों ने उन पर गुलाब फेंकना शुरू कर दिया। मौनी ने बताया कि उन्होंने बीच में स्टेज की तरफ जाने का प्रयास किया, लेकिन तुरंत वापस आकर अपनी परफॉर्मेंस पूरी की।
आयोजकों और परिवार की प्रतिक्रिया
एक्ट्रेस ने कहा कि इतने सारे असभ्य व्यवहार के बावजूद न तो उनके परिवार के लोग और न ही इवेंट के आयोजक उन दर्शकों को हटाने के लिए कुछ कर पाए। मौनी ने इसे अपमानजनक और मानसिक रूप से परेशान करने वाला बताया और कहा कि अगर उनके जैसे अनुभव इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री को होते हैं, तो नई लड़कियों के लिए हालात कितने कठिन होंगे। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।

वीडियो बनाने की कोशिश और गालियां
मौनी ने एक अन्य पोस्ट में बताया कि स्टेज ऊंचाई पर था और कुछ लोग गलत एंगल से वीडियो बनाने की कोशिश कर रहे थे, जिसे रोकने पर उन्होंने गालियां दीं। उन्होंने कहा कि कलाकार खुशी और उत्सव के मौके पर मेहमान बनकर जाते हैं, लेकिन इस तरह का व्यवहार असहनीय है।
मौनी रॉय का वर्क फ्रंट
वर्क फ्रंट की बात करें तो मौनी रॉय पिछले साल संजय दत्त और सनी सिंह के साथ फिल्म ‘द भूतनी’ में नजर आई थीं। इसके बाद वह ओटीटी प्लेटफॉर्म पर जासूसी थ्रिलर ‘सलाकार’ में भी दिखाई दीं।