करेली, नरसिंहपुर: स्टेट हाईवे–22 पर करेली शुगर मिल के पास शनिवार को गन्ने से लदी ट्रालियों की लंबी कतार के कारण लगभग दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय किसानों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से शुगर मिल में गन्ने की तुलाई में देरी के कारण उनकी ट्रालियां लाइन में फंसी हुई हैं। किसान प्रतीक शर्मा ने मिल प्रबंधन पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि मिल से जुड़ी ट्रालियां बिना इंतजार के खाली हो जाती हैं, जबकि आम किसानों को तीन-तीन दिन तक लाइन में खड़ा किया जाता है।

शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि शून्य किलोमीटर की दूरी के बावजूद किसानों से प्रति ट्रॉली 26 रुपए भाड़ा वसूला जा रहा है। उन्होंने फैक्ट्री से जुड़ी सभी ट्रालियों, ट्रकों और हार्वेस्टरों के लिए समान व्यवस्था लागू करने की मांग की।
किसानों का कहना है कि गन्ने से सरकार को करोड़ों रुपए का राजस्व मिलता है, फिर भी उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। जाम के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर आने का इंतजार किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई जिम्मेदार अधिकारी वहां नहीं पहुंचे।