सागर जिले में सोशल मीडिया पर फेक आईडी बनाकर ठगी करने के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। ताजा मामला कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. के नाम से बनाई गई फेक फेसबुक आईडी का सामने आया है। इस नकली अकाउंट में कलेक्टर की वास्तविक तस्वीर और उनका नाम उपयोग करके लोगों को भ्रमित करने की कोशिश की गई है।

कलेक्टर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आम नागरिकों को सावधान रहने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि इस तरह की फेक आईडी से लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा सकती है, संदेश भेजकर मदद के नाम पर पैसों की मांग की जा सकती है, या किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक कराने का प्रयास किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि—
“मेरे नाम से चल रही किसी भी फेक प्रोफाइल पर न तो भरोसा करें और न ही कोई निजी जानकारी साझा करें।”
कलेक्टर संदीप जी.आर. ने नागरिकों से अपील की है कि—
- किसी अपरिचित प्रोफाइल की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें।
- किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और न ही ऑनलाइन लेन-देन करें।
- कोई संदेश, कॉल या चैट संदिग्ध लगे तो तुरंत साइबर सेल को शिकायत दर्ज कराएं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कलेक्टर किसी भी प्रकार की निजी जानकारी, बैंक डिटेल या धनराशि मांगने हेतु सोशल मीडिया का उपयोग नहीं करते।
इस घटना के बाद साइबर टीम को जांच के निर्देश दिए गए हैं।