देवरी में महिला किसानों के लिए बीज उत्पादन प्रशिक्षण, एकता महिला एफपीसी में हुई महत्वपूर्ण बैठक !

Spread the love

सागर जिले के देवरी ब्लॉक में मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित एकता महिला आजीविका फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा महिला किसानों की आजीविका सुदृढ़ करने और उन्हें समय पर उच्च गुणवत्ता वाला बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 15 नवंबर 2025 को बीज उत्पादन पर व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह पहल कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. की उस मंशा को आगे बढ़ाती है, जिसके तहत ग्रामीण महिलाओं को कृषि आधारित आत्मनिर्भरता से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत की जा रही है।

Oplus_16908288

कार्यक्रम के दौरान जिला प्रबंधक (कृषि) श्री अनूप तिवारी ने महिला शेयरधारकों को बीज उत्पादन से संबंधित महत्वपूर्ण वैज्ञानिक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि—

  • उन्नत किस्मों का चयन और खेत की उचित तैयारी बीज उत्पादन की पहली और महत्वपूर्ण कड़ी है।
  • वैज्ञानिक पद्धति से बुवाई, उचित पौध दूरी और सही रोपण विधि अपनाने से उत्पादन की गुणवत्ता बढ़ती है।
  • आइसोलेशन दूरी और रॉगिंग (अशुद्ध पौधों को निकालना) उच्च गुणवत्ता वाले बीज उत्पादन के लिए अत्यंत आवश्यक है।
  • फसल संरक्षण, रोग एवं कीट प्रबंधन से बीज की गुणवत्ता के साथ उत्पादकता भी बढ़ती है।
  • फसल निरीक्षण, गुणवत्ता नियंत्रण और प्रमाणन (सीड सर्टिफिकेशन) के नियमों का पालन अनिवार्य बताया गया।
  • फाउंडेशन और प्रमाणित बीज उत्पादन की प्रक्रिया समझाते हुए उन्होंने कहा कि मानकों पर कार्य करने से उत्कृष्ट बीज प्राप्त होता है।
  • कटाई, थ्रेसिंग, सुखाने और पैकिंग की वैज्ञानिक विधि से बीज की गुणवत्ता सुरक्षित रहती है।
  • बाजार में अधिक लाभ के लिए ग्रेडिंग, पैकिंग और प्रभावी विपणन रणनीतियों को अपनाने की भी सलाह दी।

कार्यक्रम में एक्सेस डेवलपमेंट से उन्नत किसान श्री अनुज त्रिपाठी, बंडा FPC के सीईओ श्री उमेश प्रजापति, एकता FPC देवरी के सीईओ श्री आकाश तिवारी तथा लेखापाल श्री पवन पटेल भी मौजूद रहे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम ने महिला किसानों में बीज उत्पादन की वैज्ञानिक तकनीकों के प्रति जागरूकता बढ़ाई और उन्हें बेहतर आजीविका की दिशा में महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश प्रदान किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *