कलेक्टर श्री संदीप जी. आर. ने शुक्रवार को सांदीपनि विद्यालय रहली का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय भवन को आधुनिक, सुरक्षित और सर्व-सुविधायुक्त बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों और शिक्षकों को कहा कि भवन निर्माण में विद्यार्थियों के सुझाव भी शामिल किए जाएं।
कलेक्टर ने विद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि भवन और शौचालय दिव्यांग फ्रेंडली हों। उन्होंने विद्यालय की छत पर सुरक्षा हेतु रेलिंग लगाने और बालक–बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय बनाने के निर्देश दिए। साथ ही दोनों शौचालयों के बीच पर्याप्त स्थान रखने और आवश्यकता पड़ने पर एक बड़ा हॉल या कक्ष बनाने की बात कही।
उन्होंने सभी कक्षाओं में प्रकाश, पीने के पानी, साफ-सफाई और सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा। कलेक्टर ने निर्देश दिया कि विद्यालय भवन को जल्द से जल्द अंतिम रूप देकर हैंडओवर कराया जाए।



कलेक्टर ने बच्चों से पूछा—आगे क्या बनोगे?
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर संदीप जी. आर. कक्षाओं में पहुंचे और छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। बच्चों ने पढ़ाई, करियर, खेलकूद और देश की प्रगति से जुड़े सवाल पूछे। कलेक्टर ने उन्हें मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश देते हुए बताया कि सपने कैसे पूरे किए जा सकते हैं।
जब कलेक्टर ने पूछा—“आगे क्या बनोगे?”
तो बच्चों ने उत्साह से जवाब दिए—डॉक्टर, इंजीनियर, आईपीएस, आईएएस, स्टार्टअप फाउंडर और स्पोर्ट्स में जाने की इच्छा भी कई छात्रों ने व्यक्त की।
उन्होंने छात्रों को हिन्दी के साथ-साथ अंग्रेजी सीखने के लिए प्रेरित किया और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता पाने के लिए आवश्यक टिप्स दिए।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष कक्षाएँ होंगी
कलेक्टर ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि विद्यालय में नीट एवं यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रतिदिन एक घंटे की अलग कक्षा लगाई जाए। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्टर और स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से बच्चों को शैक्षणिक वीडियो दिखाए जाएँ, ताकि तकनीकी और विज्ञान विषय आसानी से समझ में आएं।
उन्होंने शिक्षकों से अध्यापन कार्य, समय पर उपस्थिति, ई-अटेंडेंस और विद्यालय परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही बच्चों को आसपास उगने वाले जहरीले व हानिकारक पौधों के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक केवी, एसडीएम रहली, जिला शिक्षा अधिकारी, विद्यालय के शिक्षक और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।