सागर। कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सतत पहल जारी है। इसी क्रम में सोमवार को उन्होंने कलेक्टर चेंबर में आवेदकों से सीधा संवाद करते हुए उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्रीमती राजनंदनी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने कहा कि पुलिस विभाग से जुड़े मामलों में अधिकारी गंभीरता से जांच करें और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने की दिशा में कार्य करें। उन्होंने विशेष रूप से महिला उत्पीड़न से संबंधित प्रकरणों पर संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी शिकायतों पर सुनवाई करते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि कोई भी हितग्राही शासकीय भूमि पर आवास निर्माण नहीं करेगा। योजना की राशि केवल पुराने मकान के पुनर्निर्माण या मरम्मत में ही उपयोग की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि पुराने मकानों पर ही जीरो टैग किया जाए और इस नियम का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर संदीप जी.आर. ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध और पारदर्शी निराकरण करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता के साथ समाधान करें।