सागर (खुरई)। कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. के निर्देश पर राजस्व विभाग और खुरई पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात ग्राम मुढ़िया में नकली डीएपी खाद के मामले में बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई में इफको कंपनी की 46 बोरियाँ संदिग्ध डीएपी खाद जब्त की गईं।

जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर की रात लगभग 11:15 बजे ग्राम मुढ़िया में एक मकान के अंदर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में संदिग्ध डीएपी खाद रखी हुई थी। आरक्षक धीरेन्द्र सिंह और प्रधान आरक्षक मुन्नालाल राज ने ट्रॉली को पकड़ा। इसके बाद गवाहों और अधिकारियों की मौजूदगी में गेरेज का ताला खुलवाया गया और ट्रैक्टर की चाबी लेकर जांच की गई।
ट्रॉली में इफको कंपनी की 46 बोरियाँ डीएपी खाद मिलीं, जिनका कोई बिल या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। पुलिस ने तुरंत खाद जब्त की और ट्रैक्टर चालक महेंद्र सिंह लोधी एवं राजेन्द्र अहिरवार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाना खुरई शहरी लाया गया, जहां एसएडीओ खुरई द्वारा खाद की बोरियों की गिनती की गई, प्रत्येक बोरी पर निशान लगाया गया और जांच के लिए सैंपल लिया गया।
प्रशासन ने इसे नकली खाद के संभावित कारोबार पर की गई सख्त कार्रवाई बताया है। कलेक्टर के निर्देश पर कृषि विभाग द्वारा नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।