कला उत्सव में सागर का जलवा: नाट्य प्रस्तुति “मदिरासुर” ने जीता राज्य स्तरीय प्रथम स्थान !

Spread the love

भोपाल/सागर। भारत सरकार के कला उत्सव 2025 के राज्य स्तरीय आयोजन में सागर संभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी कला का परचम लहराया। स्कूल शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रायोजित यह दो दिवसीय आयोजन बाल्मी, भोपाल में संपन्न हुआ, जिसमें राज्य के सभी संभागों के बाल कलाकारों ने 12 विधाओं में प्रतिभागिता की।

सागर के बाल कलाकारों ने थिएटर और वादन विधा में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। एकल तंत्री वाद्य वर्ग में एकांश भट्ट ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सागर की नाट्य प्रस्तुति “मदिरासुर” ने मंच पर ऐसा समां बाँधा कि दर्शक तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज उठे।

यह नाटिका वर्तमान समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर व्यंग्यात्मक और प्रेरणादायी संदेश देती है। विद्यालय के प्राचार्य सुधीर तिवारी के नेतृत्व में और कला उत्सव प्रभारी डॉ. शिवानी ताम्रकार के मार्गदर्शन में तैयार इस प्रस्तुति का लेखन एवं निर्देशन डॉ. संतोष साहू ने किया, संगीत वीर सैनी और सह-निर्देशन जगदीश लारिया का रहा।

पात्रों में दक्ष चौधरी (मदिरासुर), कार्तिक मिश्रा (ठर्रा), लक्ष्य कुशवाहा (जरदासुर) और चंद्रकांत पटेल (कथावाचक) ने प्रभावशाली अभिनय कर दर्शकों का मन मोह लिया।

संभागीय संयुक्त संचालक मृत्युंजय कुमार ने सागर की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली कलाकारों को और मंच प्रदान किए जाएंगे। वहीं, संभागीय नोडल सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के डॉ. मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि “मदिरासुर” न केवल राज्य बल्कि देश के लिए नशा मुक्ति का सशक्त संदेश देता है।

अब यह नाटक नवंबर में पुणे के रंगमंच पर राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा। इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन, सहायक संचालक मनीषा एलेक्जेंडर, शिवाली साहू एवं उत्कृष्ट विद्यालय परिवार ने छात्रों को शुभकामनाएँ दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *