सागर। गोपालगंज थाना क्षेत्र के काली तिगड्डा के पास हुए हृदयविदारक सड़क हादसे के बाद मृतक के परिजन न्याय की तलाश में भटक रहे हैं। सोमवार को मृतक के परिजन सागर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि पुलिस कार्रवाई करने में गंभीरता नहीं दिखा रही है।

ऐसे हुई थी दर्दनाक घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 नवंबर को कालीचरण चौराहे के पास 57 वर्षीय दुर्गाप्रसाद रैकवार पिता बाबूलाल रैकवार, निवासी पटेरिया फर्श गोपालगंज, अपनी मोपेड से जा रहे थे। तभी कार क्रमांक MP 13 ZV 4899 ने तेज रफ्तार में उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि दुर्गाप्रसाद कार के नीचे जा फंसे और कार चालक उन्हें घसीटते हुए सड़क पर काफी दूर तक ले गया।
घटना के दृश्यों को पास लगे CCTV कैमरे में स्पष्ट रूप से कैद किया गया था, जिसमें मोपेड चालक को टक्कर मारकर कार के भागने का दृश्य साफ देखा जा सकता है। इस दुर्घटना में दुर्गाप्रसाद की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

पहचान हो चुकी, फिर भी गिरफ्तारी नहीं
मृतक के बेटे अभय रैकवार ने बताया कि कार जैसीनगर क्षेत्र की है और कार चालक की पहचान भी हो चुकी है। इसके बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उनका आरोप है कि पुलिस जानबूझकर मामले को टाल रही है।
अभय रैकवार के अनुसार जब वे थाने जाते हैं तो पुलिस अधिकारी कहते हैं कि जैसीनगर जाकर आरोपियों को पकड़ने में “खर्चा आएगा”, इसलिए अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे आक्रोशित परिजन सोमवार को SP कार्यालय पहुंचे और सख्त कार्रवाई की मांग की।
परिजनों की मांग
परिजनों ने कहा—
🔹 आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की जाए
🔹 हत्या जैसे गंभीर कृत्य पर कठोर धाराओं में प्रकरण दर्ज हो
🔹 पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए
परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं होती है तो वे उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे।
❗ बड़ा सवाल — CCTV फुटेज भी मौजूद, आरोपी की पहचान भी स्पष्ट… फिर भी गिरफ्तारी में देरी क्यों?
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की लापरवाही और ठोस कार्यवाही के अभाव में सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में न्याय मिलने में देरी होना आम हो गया है।