सागर स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र में शनिवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 22वीं किस्त के हस्तांतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण आयोजित किया गया। इस दौरान असम के गुवाहाटी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के किसानों को संबोधित किया और योजना के तहत करीब 9 करोड़ 32 लाख से अधिक किसानों के खातों में 18,640 करोड़ रुपए की राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई।
कृषि विज्ञान केन्द्र सागर में इस कार्यक्रम को “प्रधानमंत्री उत्सव” के रूप में आयोजित किया गया। इसमें आसपास के क्षेत्रों से आए किसानों, कृषि विभाग के अधिकारियों और अन्य हितधारकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन कृषि विज्ञान केन्द्र सागर के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. के. एस. यादव तथा उपसंचालक कृषि एवं किसान कल्याण विभाग सागर राजेश त्रिपाठी के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम में आत्मा परियोजना के परियोजना संचालन एम. के. प्रजापति, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सहायक संचालक अनिल राय और कुमुद बुनकर, आत्मा परियोजना से विपिन जैन, भूपेंद्र सिंह राजपूत और लाड़िया जी राजपूत उपस्थित रहे। वहीं कृषि विज्ञान केन्द्र की ओर से डॉ. ममता सिंह, डॉ. वैशाली शर्मा, मयंक मेहरा और योगेंद्र सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों ने किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, आधुनिक खेती के तरीकों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। साथ ही किसानों की कृषि संबंधी समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विज्ञान केन्द्र के सभागार में करीब 75 से 80 किसान, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण देखा। इसके अलावा ऑनलाइन लिंक के माध्यम से लगभग 40 से 50 किसानों ने भी कार्यक्रम से जुड़कर प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।

कृषि अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से चलाई जा रही है, जिससे देशभर के करोड़ों किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।