दहेज के लिए विवाहिता की हत्या: पति समेत तीन को आजीवन कारावास !

Spread the love

दतिया जिले में दहेज में मोटरसाइकिल की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की हत्या के मामले में अदालत ने सख्त फैसला सुनाया है। तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश सविता जड़िया की अदालत ने पति समेत तीन आरोपियों को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही प्रत्येक आरोपी पर एक-एक हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया गया है।

इस मामले में समीर मोगिया, रतीलाल मोगिया और शुगर सिंह मोगिया को अदालत ने हत्या का दोषी पाया। खास बात यह रही कि सुनवाई के दौरान मायके पक्ष के कई गवाह अपने बयान से मुकर गए, लेकिन अदालत ने फॉरेंसिक साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य परिस्थितिजन्य प्रमाणों के आधार पर तीनों को दोषी करार दिया।

19 अगस्त 2024 का मामला

यह मामला 19 अगस्त 2024 का है। उस दिन प्रकाश नगर निवासी उजाला मोगिया को उसके ससुराल पक्ष के लोग जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उस समय ससुराल वालों ने उसकी मौत का कारण फांसी लगाना बताया था। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

जांच में सामने आई दहेज प्रताड़ना

पुलिस जांच में सामने आया कि उजाला की शादी प्रकाश नगर निवासी समीर मोगिया से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में मोटरसाइकिल की मांग को लेकर उसे लगातार परेशान करते थे और उसे मायके जाने से भी रोकते थे।

घटना वाले दिन उजाला की मां विद्धू बाई अपनी बेटी को लेने ससुराल पहुंची थीं। आरोप है कि उस समय पति समीर, नाना ससुर रतीलाल और मामा ससुर शुगर सिंह उजाला के साथ मारपीट कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने मोटरसाइकिल की मांग दोहराते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी।

मां के लौटने के कुछ ही घंटे बाद उजाला की मौत की खबर आ गई। इसके बाद पुलिस ने दहेज हत्या और हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों के खिलाफ अदालत में चालान पेश किया।

गवाह मुकरने के बावजूद दोषी करार

करीब दो साल तक चली सुनवाई के दौरान मायके पक्ष के कई गवाह अदालत में पक्षद्रोही हो गए और अपने पहले दिए गए बयान से मुकर गए। इसके बावजूद अदालत ने मामले में उपलब्ध वैज्ञानिक साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट को महत्वपूर्ण मानते हुए तीनों आरोपियों को दोषी ठहराया।

अदालत के इस फैसले को दहेज हत्या जैसे गंभीर अपराधों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *