कॉलेज रोड बायपास पर तेंदुआ दिखा, वायरल वीडियो से इलाके में दहशत !

Spread the love

बंडा में शुक्रवार शाम करीब 7 बजे कॉलेज रोड फोरलेन बायपास के पास तेंदुआ दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। तेंदुए का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में तेंदुआ पहले सड़क किनारे बैठा नजर आता है, इसके बाद वह सड़क के बीच से दौड़ते हुए दूसरी ओर जाता दिखाई देता है।

तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिलते ही आसपास के खेतों में सिंचाई कर रहे किसान और मजदूर दहशत में आ गए और काम छोड़कर सुरक्षित अपने घरों की ओर लौटने लगे। कुछ देर के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मामले को लेकर वन परिक्षेत्र अधिकारी विकास सेठ ने बताया कि देर शाम तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिली है। इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है और वन विभाग का अमला मौके पर भेजा गया है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक तेंदुए की कोई स्पष्ट लोकेशन नहीं मिल सकी है।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे रात के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें, खेतों में अकेले न जाएं और तेंदुआ दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग या पुलिस को सूचना दें। क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और तेंदुए की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *