सागर जिले के नरयावली थाना अंतर्गत जरुआखेड़ा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम मुड़रा सत्ती घटिया के पास मिले युवक के शव मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने मारपीट के पुराने विवाद की रंजिश में युवक के सिर पर पत्थर पटककर उसकी हत्या की थी। इस वारदात में कुल तीन आरोपी शामिल थे, जिनमें से एक अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
25 नवंबर को मिला था शव
पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर को ग्रामीणों ने ग्राम मुड़रा सत्ती घटिया के पास सड़क से करीब 30 मीटर अंदर एक युवक का शव पड़ा देखा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे, वहीं शरीर पर घसीटने जैसी खरोंचें भी पाई गईं। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।

मृतक की पहचान निरंजन सिंह के रूप में हुई
बाद में मृतक की पहचान निरंजन सिंह पिता फूल सिंह राजपूत (40 वर्ष) निवासी सरखेड़ी के रूप में हुई। पहचान के बाद परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया था।
शराब पीने के बाद की थी मारपीट, पत्थर पटककर हत्या
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें कुछ लोग मृतक के साथ मारपीट करते नजर आए। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रूपसिंह राजपूत और शैतानसिंह राजपूत (दोनों निवासी सरखेड़ी) तथा राजेश सिंह राजपूत निवासी सिलोदा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया।

पुलिस दबिश के दौरान आरोपियों की लोकेशन गांव के पास जंगल में मिली। इसके बाद घेराबंदी कर रूपसिंह और शैतानसिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि निरंजन आए दिन विवाद करता था। उसने कुछ समय पहले शैतानसिंह के पिता और बाद में फरार आरोपी राजेश के साथ भी मारपीट की थी, जिससे वे रंजिश पाले हुए थे।
वारदात वाली रात तीनों आरोपी निरंजन के साथ एक ढाबे पर पहुंचे, जहां शराब पी। इसी दौरान गाली-गलौज और विवाद बढ़ने पर तीनों ने मिलकर निरंजन के सिर पर पत्थर पटककर उसकी हत्या कर दी और शव को सुनसान इलाके में छोड़कर फरार हो गए।
एक आरोपी फरार, तलाश जारी
नरयावली थाना प्रभारी कपिल लाक्षाकार ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीसरे फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस जल्द ही उसे भी गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।