गर्भवती महिला ने फांसी लगाकर दी जान, मायके पक्ष ने ससुराल पर प्रताड़ना का लगाया आरोप !

Spread the love

सागर के मकरोनिया थाना अंतर्गत दीनदयाल नगर में एक गर्भवती महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। महिला को ससुराल पक्ष के लोग गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए।

मृतका की पहचान दमोह निवासी विनीता रजक के रूप में हुई है। विनीता की शादी करीब 9 साल पहले मकरोनिया निवासी हरिकांत रजक से हुई थी। दंपती का एक 7 साल का बेटा है। परिजनों के अनुसार, विनीता करीब 6 माह की गर्भवती थी।

मृतका के चाचा गणेश रजक ने आरोप लगाते हुए कहा कि हरिकांत दूसरे बच्चे से खुश नहीं था और विनीता पर गर्भ गिराने का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर आए दिन पति-पत्नी के बीच विवाद होता था, जिसकी जानकारी विनीता अपने मायके पक्ष को देती रहती थी। परिजनों का कहना है कि विनीता आत्महत्या नहीं कर सकती, बल्कि उसे प्रताड़ित किया गया है और मौत संदिग्ध है।

शुक्रवार को पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में ले लिया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की पड़ताल कर रही है और परिजनों के आरोपों के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

अब देखना होगा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद इस मामले में क्या नया खुलासा होता है और क्या ससुराल पक्ष पर कोई ठोस कार्रवाई होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *