क्षतिग्रस्त नहरों व सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता से कराएं: संभागायुक्त अनिल सुचारी !

Spread the love


सागर संभाग के आयुक्त श्री अनिल सुचारी ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संभाग में क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मत प्राथमिकता के साथ कराई जाए, ताकि पानी का सदुपयोग सुनिश्चित हो सके और किसानों के खेतों तक आसानी से सिंचाई जल पहुंच सके।

संभागायुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि पन्ना जिले सहित सागर संभाग के अन्य जिलों में वर्षाकाल से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ कराई जाए। उन्होंने पन्ना जिले में अब तक मरम्मत न हो पाने के कारणों तथा लंबित सड़कों की संख्या की तत्काल जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

संभागायुक्त श्री सुचारी ने पन्ना एवं अजयगढ़ तहसील के प्राचीन तालाबों के जीर्णोद्धार कार्यों की समीक्षा करते हुए इनकी प्रगति से अवगत कराने को कहा। ये निर्देश उन्होंने विकास एवं निर्माण कार्यों की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में दिए।

बैठक में कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने निर्देश दिए कि रबी सीजन में किसानों को खाद एवं बीज की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। वहीं, टीकमगढ़ जिले में फूड प्रोसेसिंग पार्क और फूड प्रोसेसिंग प्लांट के निर्माण की प्रगति की समीक्षा कर संयुक्त संचालक उद्यानिकी को आवश्यक कार्यवाहियां शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा टीकमगढ़ में पीतल शिल्प क्लस्टर के निर्माण कार्य को भी तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए। संभागायुक्त ने सिंचाई परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण की जिलेवार समीक्षा करते हुए समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया।

बैठक में जल जीवन मिशन की प्रगति की भी समीक्षा की गई और निर्देश दिए गए कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं।

साथ ही सहकारिता, किसान कल्याण एवं कृषि विकास, वन, उच्च शिक्षा, गृह, औद्योगिक नीति एवं निवेश, खनिज संसाधन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण, राजस्व, स्कूल शिक्षा, महिला एवं बाल विकास सहित अन्य विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की भी समीक्षा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *