विकसित भारत–2047 की दिशा में सागर में राष्ट्रीय शालेय खेलों का आयोजन !

Spread the love

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत–2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में सागर में भी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैच आयोजित हो सकेंगे। खिलाड़ी मेहनत, लगन, पारदर्शिता और संकल्प के साथ खेलकर अपने राज्य और देश का नाम रोशन करें। यह विचार जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने सागर में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय शालेय खेल प्रतियोगिता के रंगारंग शुभारंभ अवसर पर स्थानीय खेप परिसर मैदान में व्यक्त किए।

इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष वृन्दावन अहिरवार, वीरेन्द्र पाठक, देवेन्द्र फुसकेले, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण शत्रुंजय प्रताप सिंह बिसेन, जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन, एसजीएफआई ऑब्जर्वर नटवर सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, 37 राज्यों के जनरल मैनेजर एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।

जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने कहा कि सागर महान दानवीर, संविधान सभा के सदस्य, शिक्षाविद एवं कानूनविद डॉ. हरिसिंह गौर की नगरी है। उन्होंने खिलाड़ियों से डॉ. गौर विश्वविद्यालय देखने और उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने अपने छात्र जीवन को स्मरण करते हुए कहा कि लगभग 50 वर्षों बाद राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में शामिल होकर उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्याम तिवारी ने कहा कि शिक्षा और खेल व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। कड़ी मेहनत और संकल्प से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने खिलाड़ियों का सागर की वीरों और दानवीरों की भूमि पर स्वागत किया।

संयुक्त संचालक लोक शिक्षण शत्रुंजय प्रताप सिंह ने स्वागत भाषण में बताया कि इस पांच दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 37 राज्यों के 14 आयु वर्ग के 350 से अधिक बालक-बालिकाएं तथा 150 से अधिक जनरल मैनेजर व कोच-मैनेजर भाग ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि कलेक्टर संदीप जी.आर. के निर्देशन में सभी विभागों द्वारा आयोजन में सतत सहयोग दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के पूर्व फील्ड मार्शल रविंद्र खाटोल के नेतृत्व में सेंट मैरी कॉन्वेंट एवं सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल के बैंड दल के साथ खिलाड़ियों द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट किया गया। इसके बाद अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। केन्द्रीय विद्यालय संगठन की खिलाड़ी तौहीन बादल ने खिलाड़ियों को शपथ दिलाई।

इस अवसर पर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, डीपीएस पथरिया हाट, आर्य कन्या विद्यालय एवं सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का संचालन रचना तिवारी, अमित मिश्रा एवं मुकेश तिवारी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन नोडल अधिकारी डॉ. महेन्द्र प्रताप तिवारी ने किया।

कार्यक्रम में सहायक संचालक लोक शिक्षण डॉ. आशुतोष गोस्वामी, मनीषा एलेक्जेंडर, अनीता कुमार, जिला खेल अधिकारी संजय दादर, सुधीर तिवारी सहित सभी समितियों के पदाधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में जनसमुदाय उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *