खजुराहो–पन्ना मार्ग पर बड़ा हादसा, यात्री बस पलटी; गर्भवती महिला और मासूम सहित 20 घायल !

Spread the love

खजुराहो रेलवे स्टेशन से पन्ना जा रही एक यात्री बस रविवार सुबह बड़ा हादसे का शिकार हो गई। बमीठा थाना क्षेत्र अंतर्गत चंद्रनगर नहर के पास सुबह करीब 11 बजे बस अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में करीब 20 यात्री घायल हो गए, जिनमें एक गर्भवती महिला और एक मासूम बच्चे सहित तीन यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

बस में सवार थे 30 से अधिक यात्री

हादसे का शिकार हुई बस का क्रमांक MP 35 P 0239 बताया गया है। बस में करीब 30 से अधिक यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी और अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। बस पलटते ही यात्री एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

ड्राइवर पर लापरवाही का आरोप, बस छोड़कर भागा

घायल यात्रियों ने आरोप लगाया कि हादसे के समय सामने से कोई वाहन नहीं आ रहा था। अचानक ड्राइवर ने स्टीयरिंग घुमाई, जिससे बस पलट गई। यात्रियों का यह भी कहना है कि हादसे के बाद ड्राइवर बस से कूदकर मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।

पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर किया रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही बमीठा थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बस से बाहर निकाला गया और तत्काल एंबुलेंस व अन्य वाहनों से बमीठा और चंद्रनगर के स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया।

तीन की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर

प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। गंभीर घायलों में एक गर्भवती महिला और एक मासूम बच्चा भी शामिल है। अन्य घायलों का स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों में इलाज जारी है।

टीआई बोले– जांच के बाद होगी कार्रवाई

बमीठा थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय ने बताया कि सभी घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचा दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में ड्राइवर की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है और फरार ड्राइवर की तलाश की जा रही है।

इस हादसे ने एक बार फिर यात्री बसों की तेज रफ्तार और चालकों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *