खजुराहो–सिंगरौली रेलवे लाइन के निर्माण कार्य के चलते टिकुरी ग्राम पंचायत के गड़रपुरा गांव के सैकड़ों किसानों का वर्षों पुराना आम रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। पुल निर्माण के कारण खेतों तक सीधी पहुंच खत्म हो गई है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रास्ता बंद होने के बाद अब किसानों, महिलाओं और मजदूरों को खेतों तक पहुंचने के लिए लगभग 8 किलोमीटर लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। इस स्थिति का सबसे ज्यादा असर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है, जिन्हें रोजमर्रा के कामों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।
खेती-किसानी और दैनिक कामकाज प्रभावित
ग्रामीणों का कहना है कि यह रास्ता खेती-किसानी, मवेशी ले जाने, फसल कटाई, ट्रैक्टर संचालन और रोजाना की आवाजाही के लिए उपयोग में लिया जाता था। रास्ता बंद होने से इन सभी कार्यों में बाधा आ रही है, जिससे समय, श्रम और खर्च तीनों बढ़ गए हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, इस क्षेत्र में करीब 500 एकड़ कृषि भूमि स्थित है। रास्ता बंद होने से किसानों को खेतों में पानी, खाद, बीज और कृषि उपकरण ले जाने में भारी दिक्कत हो रही है।
महिलाओं और बुजुर्गों को ज्यादा परेशानी
स्थानीय महिला कुसुम पाल ने बताया कि फसल कटाई के दौरान महिलाओं को देर रात तक खेतों में रहना पड़ता है। अब लौटते समय उन्हें दूर का रास्ता अपनाना पड़ता है, जिससे सुरक्षा और थकान दोनों की समस्या खड़ी हो गई है। मवेशियों को ले जाना भी बेहद कठिन हो गया है।

वहीं ग्रामीण राम बाई ने कहा कि गांव से खेत, मवेशी और बच्चों की आवाजाही के लिए कोई सुरक्षित रास्ता नहीं बचा है। उन्होंने बताया कि गांव में एक मंदिर भी है, जहां पहुंचने में अब काफी परेशानी हो रही है।
पुलिया या अंडरब्रिज की मांग
ग्रामीणों ने कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर पुलिया या अंडरब्रिज बनाने की मांग की है, ताकि ट्रैक्टर और मवेशी आसानी से निकल सकें, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे रास्ता जाम और आंदोलन करने को मजबूर होंगे। साथ ही रेलवे लाइन निर्माण में मिट्टी डालने का भी विरोध किया जाएगा।
अधिकारी बोले– जानकारी नहीं थी
इस मामले में खजुराहो तहसीलदार धीरज गौतम ने कहा कि उन्हें अभी मामले की जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच करवाई जाएगी और मौके पर पटवारी को भेजा जाएगा। जल्द से जल्द रास्ता खुलवाने के प्रयास किए जाएंगे।
वहीं निर्माण कार्य देख रहे कांट्रेक्टर के मैनेजर बी.पी. अप्पा राव से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन वे दूसरी साइट पर होने के कारण उपलब्ध नहीं हो सके।