सागर। मकरोनिया थाना क्षेत्र के कृष्णानगर में धार्मिक भावनाएं भड़काने का गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक खाली प्लॉट पर बने टीनशेड में देवी-देवताओं की तस्वीरें लगाए जाने से स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। शनिवार रात ब्राह्मण समाज के लोगों ने थाने पहुंचकर इस घटना की शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया।

गंदगी वाली जगह फोटो देखकर भड़के लोग
जानकारी के अनुसार, कृष्णानगर इलाके में स्थित एक खाली प्लॉट के टीनशेड नीचे लोग बाथरूम (लघुशंका) किया करते थे। इसी जगह पर कृष्णानगर निवासी आनंद जैन द्वारा हिंदू देवी-देवताओं की तस्वीरें लगा दी गईं। गंदगी वाले स्थान पर धार्मिक चित्र देखकर समाज के लोगों में भारी नाराजगी फैल गई और उन्होंने इसे हिंदू धर्म के अपमान से जोड़कर विरोध दर्ज कराया।
दिनकर तिवारी की शिकायत पर केस दर्ज
संत रविदास वार्ड निवासी दिनकर तिवारी ने थाने में आवेदन देकर बताया कि आरोपी ने जानबूझकर धार्मिक भावनाएँ आहत करने की नीयत से तस्वीरें लगाई हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए FIR दर्ज की।
धार्मिक भावनाएं भड़काने की धाराओं में कार्रवाई
मकरोनिया पुलिस ने आरोपी आनंद जैन के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने और ठेस पहुंचाने के आरोप में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।