सागर। नया बाजार स्थित सिंधी मार्केट में शनिवार देर रात नगर निगम प्रशासन ने प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। निगमायुक्त राजकुमार खत्री के नेतृत्व में पहुंची टीम ने थोक व्यापारी हीरा की दुकान और गोदाम पर छापा मारकर करीब 100 क्विंटल सिंगल यूज प्लास्टिक और अमानक पॉलीथिन जब्त की। मौके पर कार्रवाई के बाद निगम ने स्पष्ट संकेत दिया कि शहर में अब प्रतिबंधित प्लास्टिक का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
स्वास्थ्य के लिए घातक, कैंसर तक का कारण: निगमायुक्त

निगमायुक्त खत्री ने कहा कि प्रतिबंध के बावजूद शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग जारी है, जो अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि इन प्लास्टिक उत्पादों के माइक्रो पार्टिकल्स शरीर में पहुंचकर कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों को जन्म दे सकते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि शहर में इसका उपयोग पूरी तरह बंद हो जाए, तो कई बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सकता है। जब्त की गई पॉलीथिन को नियमानुसार नष्ट कराया जाएगा और पूरे प्रकरण की जांच जारी है।
थोक व्यापारियों से चर्चा, वैकल्पिक विकल्प अपनाने की अपील
कार्रवाई के दौरान निगमायुक्त ने सिंधी मार्केट के थोक व्यापारियों के साथ चर्चा भी की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि व्यापारी आगे से किसी भी रूप में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग या बिक्री न करें।
खत्री ने कपड़े के थैले और कागज के पैकेट को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने सुझाव दिया कि जरूरत होने पर सेल्फ हेल्प ग्रुप और गृह उद्योगों के जरिए इन विकल्पों को थोक में उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि प्लास्टिक पर निर्भरता कम हो सके।
थोक में खत्म होगा तो घरों तक नहीं पहुंचेगा
निगमायुक्त ने जोर देकर कहा कि यदि थोक स्तर पर प्रतिबंधित प्लास्टिक की उपलब्धता खत्म कर दी जाए, तो यह घर-घर तक पहुंचना स्वतः बंद हो जाएगा। इससे शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने में बड़ी मदद मिलेगी।
नगर निगम ने साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी और प्लास्टिक प्रतिबंध के उल्लंघन पर किसी भी व्यापारी को बख्शा नहीं जाएगा।