खुरई। विकास के नए आयाम जोड़ते हुए आज तहसील के ग्राम प्यासी में नवीन पंचायत भवन निर्माण कार्य का भूमि पूजन सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सागर की पूर्व उपाध्यक्ष श्रीमती सरोज भूपेंद्र सिंह उपस्थित रहीं। पंचायत भवन का निर्माण 37 लाख 50 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा।

भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती सरोज भूपेंद्र सिंह ने कहा कि —
“यह पंचायत भवन ग्रामवासियों के लिए एक बड़ी सौगात है। इसका निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा, जिससे ग्राम में भजन संध्या, बैठकें और अन्य सामुदायिक कार्यक्रम इसी भवन में आयोजित किए जा सकेंगे।”
उन्होंने बताया कि ग्राम प्यासी में हाल ही में आंगनवाड़ी भवन, हनुमान मंदिर परिसर में चबूतरा, धनौरा मार्ग का निर्माण, विद्युतीकरण और सार्वजनिक तालाब का निर्माण कार्य भी पूर्ण किया गया है।

पूर्व उपाध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार का लक्ष्य शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास को प्राथमिकता देना है। उन्होंने ‘लाड़ली लक्ष्मी योजना’ का उल्लेख करते हुए बताया कि इस योजना से क्षेत्र की बेटियों को हर महीने आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे उनकी पढ़ाई में मदद मिली है।

उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि —
“किसी भी विकास कार्य या समस्या के समाधान के लिए आप निसंकोच संपर्क करें, हर संभव मदद की जाएगी।”
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष जमना प्रसाद अहिरवार, वरिष्ठ भाजपा नेता मूरत सिंह पिपरिया, मंडल अध्यक्ष रविंद्र सिंह राजपूत, सरपंच ब्रजमोहन सिंह कुर्मी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।