चांदपुर बस स्टैंड हत्या मामला, शराब विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार, एक से पूछताछ जारी !

Spread the love

सागर जिले के चांदपुर बस स्टैंड पर युवक का शव मिलने के सनसनीखेज मामले में रहली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि शराब लाने के विवाद को लेकर युवक के साथ मारपीट की गई, जिसमें उसकी पत्थर मारकर हत्या कर दी गई। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी को पुलिस ने अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


बस स्टैंड पर मिला था युवक का शव

पुलिस के अनुसार, 27 दिसंबर को ग्राम चांदपुर निवासी अनिल अहिरवार का शव चांदपुर बस स्टैंड पर पड़ा मिला था। शव के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे, वहीं घटनास्थल के आसपास खून फैला हुआ था। सूचना मिलने पर रहली पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हत्या पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।


परिजनों ने जताया साथ काम करने वालों पर शक

मृतक के पिता दीनदयाल अहिरवार (उम्र 50 वर्ष), निवासी ग्राम चांदपुर ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा अनिल पल्लेदारी का काम करता था। 26 दिसंबर की सुबह वह वीरेंद्र जैन के यहां पल्लेदारी करने गया था। देर रात तक जब अनिल घर नहीं लौटा तो परिवार चिंतित हो गया।

बहू ने अनिल से फोन पर बात की थी, जिसमें उसने बताया था कि अभी पल्लेदारी का हिसाब चल रहा है और थोड़ी देर में घर आ जाएगा। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। अगले दिन सुबह 27 दिसंबर को अनिल का शव बस स्टैंड पर मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों ने अनिल के साथ काम करने वाले लोगों पर हत्या का शक जताते हुए उनके नाम पुलिस को बताए, जिसके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया।


शराब के विवाद में की गई हत्या

पुलिस जांच में सामने आया कि अंशुमान कुर्मी, परसू काछी पटेल (निवासी जमनापुर परासिया) और हल्ले यादव (निवासी सलैया) घटना में शामिल थे। जांच के दौरान शुक्रवार को पुलिस ने अंशुमान कुर्मी और परसू काछी पटेल को गिरफ्तार कर लिया।

थाने में पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि घटना वाले दिन शराब लाने की बात को लेकर अनिल अहिरवार से विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि तीनों ने मिलकर अनिल के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान आरोपियों ने पत्थर से वार कर अनिल की मौके पर ही हत्या कर दी और शव को बस स्टैंड पर छोड़कर फरार हो गए।


थाने में जुटी भीड़, इलाके में आक्रोश

गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही रहली थाना परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला। परिजन आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं।


दो आरोपी जेल भेजे गए, एक से पूछताछ जारी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों अंशुमान कुर्मी और परसू काछी पटेल को न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं, घटना में शामिल तीसरे आरोपी हल्ले यादव को पुलिस ने अभिरक्षा में ले लिया है, जिससे गहन पूछताछ की जा रही है।


पुलिस का बयान

रहली थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि चांदपुर बस स्टैंड हत्या मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा चुका है। एक अन्य आरोपी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब लाने को लेकर हुए विवाद के चलते यह हत्या की गई।

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य तथ्यों के सामने आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *