मध्यप्रदेश के छतरपुर शहर में बुधवार रात बस स्टैंड फव्वारा चौराहे पर सरेआम मारपीट की घटना सामने आई है। आरोप है कि इंदौर जाने वाली एक निजी बस के कर्मचारी ने बीच सड़क पर युवक को लाठी-डंडों से पीट दिया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। आरोप बुंदेलखंड ट्रांसपोर्ट LLP कंपनी की छतरपुर से इंदौर जाने वाली एसी स्लीपर बस में कार्यरत कर्मचारी बद्री पर लगा है।

मामूली विवाद के बाद शुरू हुई मारपीट
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना बुधवार रात करीब 10:15 बजे की है। इंदौर जाने वाली बस बस स्टैंड से रवाना होकर फव्वारा चौराहे पर पहुंची थी, तभी किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी बद्री ने युवक संतोष पाठक पर हमला कर दिया। आरोप है कि उसने लाठी-डंडों से युवक की जमकर पिटाई की।
बीच सड़क पर बरसाए डंडे
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आरोपी ने बस मालिक के नाम की दबंगई दिखाते हुए युवक पर लगातार डंडों से हमला किया। घटना बीच सड़क पर होने के कारण वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
कई लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी काफी देर तक मारपीट करता रहा। घटना के दौरान बस स्टैंड चौराहे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और यातायात भी प्रभावित हुआ।
शराब के नशे में होने का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरोपी शराब के नशे में दिखाई दे रहा था। मारपीट में संतोष पाठक को चोटें आई हैं। घटना के बाद कुछ समय तक मौके पर हंगामे जैसी स्थिति बनी रही।
हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है कि आरोपी नशे में था या नहीं।
पीड़ित ने पुलिस में शिकायत की बात कही
पीड़ित संतोष पाठक ने मामले में पुलिस से शिकायत करने की बात कही है। बताया जा रहा है कि घटना की सूचना सिटी कोतवाली पुलिस को दे दी गई थी।
हालांकि देर रात तक मामले में एफआईआर दर्ज होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
व्यस्त बस स्टैंड क्षेत्र में खुलेआम हुई इस मारपीट की घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में अक्सर विवाद, शराबखोरी और अव्यवस्था की स्थिति बनती रहती है।
लोगों का आरोप है कि पर्याप्त निगरानी और सख्त कार्रवाई के अभाव में असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने बस स्टैंड क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।