मुरैना में 7 साल की बच्ची की हत्या, गड्ढे में मिला शव; दोनों हाथ बंधे मिले, शादी समारोह में आई थी बच्ची !

Spread the love

मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में 7 वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बच्ची का शव गुरुवार सुबह गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक सुनसान इलाके में गुफानुमा गड्ढे में मिला। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार घटना कैलारस विकासखंड के अंतर्गत आने वाले रामलाल का पुरा गांव की है। मृत बच्ची की पहचान तनु जाटव उम्र 7 वर्ष के रूप में हुई है। बच्ची अपने पिता बलराम जाटव और परिवार के साथ रिश्तेदारी में आयोजित भात कार्यक्रम में शामिल होने आई थी।

बताया जा रहा है कि बलराम जाटव अपनी पत्नी और बेटी तनु के साथ बुधवार रात कार्यक्रम में शामिल होने के लिए इटौरा गांव से रामलाल का पुरा पहुंचे थे। रात में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बलराम अपनी बेटी के साथ सो गए।

बलराम के अनुसार रात करीब 3 बजे तक वे जाग रहे थे और उस समय तनु उनके पास ही सो रही थी। इसके बाद उनकी आंख लग गई। जब सुबह करीब 5 बजे उनकी नींद खुली तो उन्होंने देखा कि बेटी बिस्तर पर नहीं है।

तलाश के दौरान गड्ढे में मिला शव

बेटी के अचानक गायब होने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। परिवार और ग्रामीणों ने आसपास उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक सुनसान इलाके में गुफानुमा गड्ढे में बच्ची का शव पड़ा मिला।

बताया जा रहा है कि शव को इस तरह फेंका गया था ताकि वह आसानी से किसी की नजर में न आए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बच्ची के दोनों हाथ रस्सी से बंधे हुए मिले। यह दृश्य देखकर परिजनों की चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम फैल गया।

हत्या छिपाने की कोशिश का शक

घटना की सूचना मिलते ही ऋषिकेश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।

थाना प्रभारी ऋषिकेश शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि शव को गड्ढे में डालने का उद्देश्य हत्या को छिपाना था, ताकि किसी को जल्दी जानकारी न मिल सके।

उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया बच्ची के कपड़े व्यवस्थित मिले हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और घटना की परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

एफएसएल टीम और पुलिस जांच में जुटी

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि बच्ची का शव घटनास्थल से करीब 800 मीटर दूर सुनसान खाई में मिला है।

उन्होंने कहा कि पुलिस, एसडीओपी कैलारस और एफएसएल टीम मौके पर मौजूद है तथा सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है।

गांव में दहशत और आक्रोश

मासूम बच्ची की हत्या से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि शादी जैसे पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान इस तरह की घटना बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्ची की मां बार-बार बेहोश हो रही है। गांव के लोग घटना के जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना के पीछे की सच्चाई सामने लाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *