छतरपुर जिले के ऐरोरा गांव में भाजपा नेता आशीष रैकवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए एक पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। मामला जटाशंकर हरिजन मत्स्य उद्योग समिति मर्यादित से जुड़े तालाबों में मछली पालन को लेकर हुए विवाद से संबंधित है। पीड़ित छन्नूलाल अहिरवार का आरोप है कि भाजपा नेता और उनके साथियों ने जबरन तालाब पर कब्जा करने, मछली लूटने और जानलेवा हमला करने जैसी घटनाओं को अंजाम दिया।
पीड़ित के अनुसार, जटाशंकर हरिजन मत्स्य उद्योग समिति मर्यादित, ऐरोरा का पंजीयन वर्ष 1995 में हुआ था और शासन द्वारा समिति को पठार तालाब व बक्सीई तालाब आवंटित किए गए हैं। छन्नूलाल अहिरवार वर्षों से इन तालाबों में मछली पालन कर अपने परिवार की आजीविका चला रहे हैं। आरोप है कि 21 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे भाजपा नेता आशीष रैकवार तीन अन्य लोगों के साथ तालाब पर पहुंचे और जबरन मछली पकड़ने लगे। इस दौरान लगभग 30 क्विंटल मछली ले जाने का आरोप लगाया गया है।

छन्नूलाल ने बताया कि विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, नाव छीन ली और उन्हें बंधक बनाकर जान से मारने का प्रयास किया। पीड़ित का यह भी कहना है कि आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए धमकियां दीं और झूठे आपराधिक मामलों में फंसाने की बात कही। घटना के बाद पुलिस ने आशीष रैकवार के खिलाफ मामला दर्ज किया था और इसका वीडियो भी सामने आया था, लेकिन पीड़ित का आरोप है कि अन्य आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

लगातार मिल रही धमकियों से भयभीत होकर छन्नूलाल और उनका परिवार गांव छोड़ने को मजबूर है। उन्होंने और उनकी पत्नी उषा अहिरवार ने एसपी को आवेदन सौंपकर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। इस दौरान अहीरवार समाज और अजाक्स संगठन के पदाधिकारी भी पीड़ित परिवार के समर्थन में मौजूद रहे। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।