छतरपुर में लाखों की चोरी से सनसनी: घर से नगदी और जेवरात से भरे बक्से उठाकर ले गए चोर, खेत में टूटे मिले संदूक !

Spread the love

छतरपुर।
छतरपुर जिले के भगवां गांव में रविवार रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए नगदी और सोने-चांदी के जेवरात से भरे बक्से चोरी कर लिए। घटना का पता चलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। बाद में घर से कुछ दूरी पर खेत में बक्से टूटे और खाली हालत में पड़े मिले। पीड़ित परिवार के अनुसार चोर करीब 2 लाख रुपए कीमत का सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार फरियादी रामदयाल प्रजापति ने पुलिस को बताया कि रविवार रात परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। देर रात करीब 2 बजे उनकी पत्नी बाथरूम जाने के लिए उठीं। इसी दौरान उन्हें घर के पीछे एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जिसके हाथ में लाठी थी।

महिला ने जब संदिग्ध को देखा तो शोर मचा दिया। आवाज सुनते ही आरोपी मौके से भाग निकला। इसके बाद परिवार के लोग तुरंत घर के अंदर पहुंचे, जहां कमरे में रखे बक्से गायब मिले। बक्सों में नगदी और जेवरात रखे हुए थे।

खेत में टूटे मिले बक्से

घटना की सूचना तत्काल डायल-112 और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में तलाश शुरू की गई। कुछ दूरी पर खेत की ओर पुलिस और ग्रामीणों को चोरी हुए बक्से टूटे और बिखरे हुए हालत में मिले।

चोर बक्सों में रखी नकदी और कीमती जेवरात निकालकर ले गए थे। बक्सों को खेत में फेंक दिया गया था। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास से सुराग जुटाने का प्रयास किया।

नगदी सहित जेवरात ले गए चोर

पीड़ित परिवार के अनुसार चोर 35 हजार रुपए नकद के अलावा सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान में मंगलसूत्र, गलसूत्र, चांदी की पायल, बिछिया और अन्य जेवर शामिल हैं।

परिवार का कहना है कि चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपए है। घटना के बाद परिवार सदमे में है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में इस तरह की चोरी की घटनाओं से लोगों में डर का माहौल बन गया है।

रात में बढ़ रही चोरी की घटनाएं

ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। रात के समय संदिग्ध लोगों की आवाजाही भी देखी जा रही है, लेकिन पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं।

गांव के लोगों ने प्रशासन और पुलिस से रात में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सख्ती नहीं की गई, तो भविष्य में और बड़ी घटनाएं हो सकती हैं।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान के लिए कई पहलुओं पर जांच की जा रही है। गांव और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय संदिग्ध बदमाशों का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।

पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल गांव में हुई इस चोरी की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है और ग्रामीण लगातार सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *