जबलपुर में देर रात बवाल ,गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद बना सामूहिक झड़प, पुलिस का लाठीचार्ज, कई घायल !

Spread the love

जबलपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात उस समय हालात बेकाबू हो गए, जब बड़कुल होटल/बड़कुल स्वीट्स के सामने गाली-गलौज को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते बड़े टकराव में बदल गया। घटना की खबर फैलते ही जैन समाज के सैकड़ों लोग घरों से बाहर निकल आए, जिससे इलाके में भारी तनाव पैदा हो गया। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को 8–10 थानों का बल बुलाना पड़ा और लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।


कैसे शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, स्थानीय निवासी राजकुमार जैन शुक्रवार रात करीब 11 बजे बड़कुल स्वीट्स पहुंचे थे। यहां उनकी दुकान के मैनेजर रोहित राजपूत से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। राजकुमार जैन का आरोप है कि विवाद के दौरान उनके साथ गाली-गलौज की गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रोहित राजपूत ने फोन कर अपने कुछ साथियों को बुला लिया, जो बेसबॉल बैट लेकर मौके पर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी।


जैन समाज के लोग पहुंचे, हालात बिगड़े

मारपीट की सूचना जैसे ही जैन समाज के लोगों को मिली, सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। गुस्साई भीड़ ने मैनेजर रोहित राजपूत के साथियों को घेर लिया। जान बचाने के लिए आरोपी युवक दुकान के अंदर घुस गए। भीड़ उन्हें बाहर निकालने की कोशिश करने लगी, जिससे तनाव और बढ़ गया।


आधी रात पुलिस का भारी बल, लाठीचार्ज

स्थिति बिगड़ती देख रात करीब 12 बजे बड़ा फुहारा क्षेत्र में 8–10 थानों का पुलिस बल पहुंचा। पुलिस ने भीड़ को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब लोग दुकान में घुसने लगे तो पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि यदि पुलिस समय रहते आरोपियों को भीड़ से छुड़ाकर थाने नहीं ले जाती, तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी।


समाज विशेष के खिलाफ अपशब्दों का आरोप

राजकुमार जैन का आरोप है कि मारपीट के दौरान समाज विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जिससे जैन समाज में भारी आक्रोश फैल गया। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को भीड़ से बचाकर हिरासत में लिया और थाने ले गई। एक अन्य आरोपी दुकान के अंदर छिपा रहा।


कमानिया गेट पर हंगामा, फिर लाठीचार्ज

रात करीब 1 बजे जैन समाज के लोग कमानिया गेट पर एकत्र हो गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस ने शांति बनाए रखने के लिए समझाइश दी, लेकिन भीड़ उग्र हो गई और एक युवक से मारपीट शुरू हो गई। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को एक बार फिर लाठीचार्ज करना पड़ा।
इस दौरान भगदड़ जैसे हालात बने, कई लोग घायल हुए और कुछ पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं

हंगामा बढ़ता देख मौके पर दो एडिशनल एसपी, चार सीएसपी, 8 से अधिक थानों और पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल तैनात किया गया। पुलिस प्रशासन ने सोशल मीडिया और अन्य गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखना शुरू कर दिया, ताकि किसी तरह की अफवाह या भड़काऊ सामग्री से माहौल और खराब न हो।


3 के खिलाफ केस, 2 गिरफ्तार

एडिशनल एसपी सिटी आयुष गुप्ता ने बताया कि राजकुमार जैन की शिकायत पर अतुल पटेल, रोहित राजपूत और सचिन शुक्ला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि लाठीचार्ज के दौरान कुछ लोग गिरकर घायल हुए हैं, हालांकि किसी को गंभीर चोट की पुष्टि नहीं हुई है। सब इंस्पेक्टर अनिल गौर समेत कुछ पुलिसकर्मियों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।


जैन समाज का आरोप: एकतरफा कार्रवाई

जैन समाज के लोगों का कहना है कि उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध किया और किसी तरह की तोड़फोड़ नहीं की। आरोप है कि पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए जैन युवकों पर लाठीचार्ज किया, जिसमें कुछ नाबालिगों को भी चोटें आई हैं। समाज का यह भी कहना है कि जिन लोगों ने पहले बेसबॉल बैट से हमला किया, पुलिस उन्हें बचाने का प्रयास कर रही है।


निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग

घटना के बाद जैन समाज में भारी नाराजगी है। समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जैन समाज ने ऐलान किया है कि वे इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक, आईजी कार्यालय और जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन सौंपेंगे, ताकि समाज की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जा सके।

फिलहाल क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन माहौल अभी भी तनावपूर्ण बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *