छतरपुर।
माय जीएसटी टीम ने बुधवार को छतरपुर जिले के नौगांव रोड स्थित वार्ड नंबर-1, सौंरा तिराहा, नारायणपुरा रोड पर संचालित अब्जल खान की टाइटन आयरन स्क्रैप ट्रेडर्स पर बड़ी कार्रवाई की। सतना और छतरपुर जीएसटी विभाग की संयुक्त टीम ने अचानक गोदाम पर छापा मारकर जांच शुरू की, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई के दौरान गोदाम में रखे लोहा, चद्दर, गत्ता, किताबें, प्लास्टिक सहित भारी मात्रा में कबाड़ की जांच की गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की गई और खरीदी-बिक्री से संबंधित रजिस्टर, बिल, टैक्स रिकॉर्ड तथा वैध अनुमति पत्रों की गहन पड़ताल की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में कई बिंदुओं पर संदेह सामने आया है। इसी दौरान बड़ी लकड़ी ताल के पास स्थित दूसरे गोदाम में अधिकारियों के पहुंचते ही गोदाम प्रभारी ताला लगाकर फरार हो गया।
सूत्रों के अनुसार, यह छापा अवैध रूप से संग्रहित कबाड़ और जीएसटी नियमों के संभावित उल्लंघन की शिकायतों के बाद मारा गया है। टीम यह भी जांच कर रही है कि कबाड़ किस स्रोत से आया और उस पर जीएसटी का समुचित भुगतान किया गया है या नहीं।

जीएसटी अधिकारी सुरेंद्र पांडेय ने बताया कि व्यापारी फिलहाल मौके पर मौजूद नहीं था, केवल कर्मचारी पाए गए हैं। व्यापारी के आने के बाद उससे सीधे पूछताछ की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, कबाड़ की बड़ी मात्रा को देखते हुए दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है। अनियमितता पाए जाने पर जुर्माना, जब्ती सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच जारी है और अंतिम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।