जैन संत पर आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला: अशोकनगर में एफआईआर दर्ज, जैन समाज में आक्रोश !

Spread the love

मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और जैन समाज की धार्मिक भावनाएं आहत करने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर जैन संत के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने को लेकर जैन समाज में भारी आक्रोश फैल गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने शेयर ब्रोकर्स विपिन पाटनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी विपिन पाटनी द्वारा फेसबुक और व्हाट्सएप ग्रुप्स में जैन संत के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल होते ही जैन समाज में रोष फैल गया। समाज के लोगों का कहना है कि इस तरह की टिप्पणियां न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि समाजिक माहौल को भी बिगाड़ने का काम करती हैं।

टिप्पणी सामने आने के बाद जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में आरोपी के घर के सामने एकत्रित हुए और विरोध प्रदर्शन किया। देर रात जैन समाज के सैकड़ों लोग विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ सिटी कोतवाली थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

जैन पंचायत की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस ने शेयर ब्रोकर्स विपिन पाटनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी के तथ्यों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी धर्म, समाज या व्यक्ति के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने से बचें। कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। मामले में दोष सिद्ध होने पर आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *