मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में गैंगस्टर बनने की सनक ने एक नाबालिग आदिवासी की जान ले ली। दबंगई दिखाने और इलाके में दहशत कायम करने की मंशा से एक गैंग ने नाबालिग युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को गैंगस्टर साबित करना चाहते थे और इसी उद्देश्य से उन्होंने नाबालिग आदिवासी युवक को निशाना बनाया। मामूली विवाद के बाद आरोपियों ने युवक को घेरकर लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से इस कदर पीटा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया है। कानून का भय और समाज में सख्त संदेश देने के उद्देश्य से पुलिस ने तीनों आरोपियों का शहर में जुलूस भी निकाला। हथकड़ी लगाए आरोपियों को जब पुलिस वाहन से पैदल घुमाया गया तो स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध और गैंग कल्चर को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नाबालिग की हत्या एक जघन्य अपराध है और आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए पुलिस मजबूत केस तैयार कर रही है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं आदिवासी संगठनों ने दोषियों को सख्त सजा देने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।