नर्मदापुरम जिले के ग्राम डोंगरवाड़ा में गुरुवार रात जोरदार बारिश के दौरान एक मजदूर सुभाष बानिया के टीन छत वाले कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय पूरा परिवार मकान के भीतर सो रहा था, लेकिन सौभाग्यवश दीवार खटिया से महज एक फीट की दूरी पर गिरी, जिससे सभी सदस्य सुरक्षित बच गए।

पीड़ित सुभाष ने बताया कि रात करीब 11 बजे तेज बारिश और हवा के बीच दीवार गिरने की आवाज आई। हादसे में घर में रखा सामान जैसे पेटी, बिस्तर, एलईडी टीवी और कुर्सियां दब गईं, जिससे हजारों रुपये का नुकसान हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम सरपंच माखन कीर मौके पर पहुंचे और तहसीलदार को सूचना देकर आर्थिक सहायता दिलवाने का भरोसा दिलाया।

बताया गया कि दीवार काफी पुरानी थी और बारिश के चलते कमजोर होकर गिर गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द मकान की मरम्मत और सहायता की मांग की है, क्योंकि परिवार फिलहाल दहशत में है और रहने के लिए सुरक्षित जगह नहीं है।