सागर में ठंड ने अपना असर तेज कर दिया है। उत्तर भारत से लगातार आ रही बर्फिली हवाओं के कारण रात के साथ दिन में भी सर्दी बढ़ गई है। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। सुबह और रात के समय तेज ठंडी हवाएं लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर रही हैं। हालांकि दोपहर में धूप खिल रही है, लेकिन इसका खास असर महसूस नहीं हो रहा।

तापमान में तेज गिरावट
वर्तमान में सागर का अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री के आसपास बना हुआ है। इसी सप्ताह न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक पहुंच गया था, जिसने ठंड का असर और बढ़ा दिया। रविवार को दिन में आसमान में हल्के बादल छाए रहे, जबकि रात में ठिठुराने वाली सर्दी और धुंध ने लोगों को परेशान किया।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के चलते हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी व बारिश हुई है। वहीं से चलकर आ रही ठंडी हवाएं मध्यप्रदेश में प्रवेश कर रही हैं, जिसके कारण सागर सहित आसपास के जिलों में सर्दी का असर बढ़ गया है। विभाग ने आने वाले दो दिनों तक कड़ाके की ठंड की संभावना जताई है।
दिसंबर-जनवरी में चरम पर रहती है सर्दी
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जैसे मानसून में दो महीने सबसे महत्वपूर्ण होते हैं, वैसे ही दिसंबर और जनवरी कड़ाके की ठंड वाले महीने माने जाते हैं। इसी दौरान उत्तर भारत से सर्द हवाएं तेज़ी से मध्यप्रदेश में प्रवेश करती हैं, जिससे न्यूनतम तापमान में तीव्र गिरावट आती है। यही कारण है कि इन महीनों में प्रदेश में ठंड अपने चरम पर रहती है।
सागर में फिलहाल कंपकंपा देने वाली सर्दी का दौर जारी है और लोगों को सुबह-शाम बाहर निकलने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।