आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों की मदद के लिए संचालित डायल-112 सेवा एक बार फिर जीवनरक्षक साबित हुई। सागर जिले के क्वायल ब्रिज के पास हुए सड़क हादसे में पुलिस कंट्रोल रूम और एफआरबी टीम की त्वरित कार्रवाई से गंभीर रूप से घायल दो युवकों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराया गया। साथ ही पुलिस द्वारा परिजनों को तत्काल सूचना देकर उन्हें भी समय पर अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार क्वायल ब्रिज के पास एक मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम ने तत्काल एफआरबी क्रमांक-10 को मौके के लिए रवाना किया। मौके पर पहुंची एफआरबी टीम को कॉलर ने बताया कि वे अपने गांव से बंडा क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी रास्ते में यह दुर्घटना हो गई।

दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक कमल सिंह गौड़ गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि उनके सिर से लेकर पैरों तक कई स्थानों पर गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। वहीं दूसरे घायल मनोज साहू को भी चोटें आईं।
एफआरबी स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए बिना समय गंवाए दोनों घायलों को एफआरबी वाहन से तत्काल बंडा अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार प्रारंभ कराया गया। पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए घायलों के परिजनों को भी तुरंत सूचना दी, जिससे वे समय पर अस्पताल पहुंच सके।
इस सराहनीय कार्य में एफआरबी क्रमांक-10 में ड्यूटी पर तैनात आरक्षक सोवरन यादव एवं पायलेट सोनी सिंह लोधी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं पुलिस कंट्रोल रूम द्वारा सूचना मिलते ही तेज समन्वय स्थापित कर एफआरबी टीम को तत्काल रवाना किया गया, जिससे घायलों को समय रहते सहायता मिल सकी।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि डायल-112 सेवा आपातकालीन परिस्थितियों में आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।