डायल-112 भानगढ़ स्टाफ ने भटके मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति को उसके परिवार से मिलवाया !

Spread the love

सागर। पुलिस अधीक्षक श्री विकास कुमार शाहवाल के मार्गदर्शन में सागर पुलिस न केवल कानून व्यवस्था बल्कि मानवता की सेवा में भी अग्रणी भूमिका निभा रही है। इसी कड़ी में डायल-112 भानगढ़ स्टाफ ने मानवता का परिचय देते हुए एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति को उसके परिवार से मिलवाया।

जानकारी के अनुसार, डायल-112 भानगढ़ का एफआरवी स्टाफ ड्यूटी से लौटते समय रास्ते में एक अर्धनग्न और ठंड से कांपते हुए व्यक्ति से मिला। प्रधान आरक्षक खलक सिंह यादव और पायलट साहब सिंह ने बिना देर किए गाड़ी रोकी और व्यक्ति की स्थिति का संज्ञान लिया। बातचीत में पता चला कि व्यक्ति भूखा-प्यासा और मानसिक रूप से अस्वस्थ है। टीम उसे थाना भानगढ़ लेकर आई, जहां उसे भोजन, वस्त्र और विश्राम की व्यवस्था की गई।

अगली सुबह डायल-112 टीम ने व्यक्ति की पहचान पता लगाने का प्रयास शुरू किया। जानकारी के आधार पर उसका पैतृक गांव थाना बांदरी क्षेत्र के ग्राम इमलिया में मिला, लेकिन वहां घर पर ताला लगा था। आगे खोजबीन करने पर पता चला कि उसकी पुत्री का विवाह खुरई के समीप के एक गांव में हुआ है।

प्रधान आरक्षक खलक सिंह यादव ने ड्यूटी खत्म होने के बाद भी अपनी मानवीय जिम्मेदारी निभाते हुए स्वयं के खर्चे पर बस द्वारा उस वृद्ध व्यक्ति को उसकी पुत्री के घर सुरक्षित पहुंचाया। अपने पिता को देखकर पुत्री भावुक हो गई और डायल-112 टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा —
“आपने जो किया वह कोई अपना भी नहीं करता। हम पुलिस विभाग के आभारी हैं।”

डायल-112 भानगढ़ की यह कार्यवाही सागर पुलिस की संवेदनशीलता, सेवा-भाव और जनसहायता की भावना का प्रेरणादायक उदाहरण है।
इस सराहनीय कार्य में प्रधान आरक्षक खलक सिंह यादव, पायलट साहब सिंह और प्रधान आरक्षक जयराम का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *