डीएपी खाद न मिलने से भड़के किसान, भानगढ़ रोड पर किया चक्का जाम — एक घंटे बाद अधिकारियों के आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन !

Spread the love

बीना। कृषि सीजन के बीच डीएपी खाद की किल्लत को लेकर किसानों का गुस्सा उभर आया। शनिवार शाम भानगढ़ रोड पर किसानों ने स्टेट वेयरहाउस बिहरना में खाद वितरण में गड़बड़ी और टोकन न मिलने के विरोध में चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते करीब एक घंटे तक आवागमन ठप रहा और सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5:30 बजे तक किसानों की भारी भीड़ वेयरहाउस पर खाद लेने के लिए पहुंची थी। लेकिन टोकन सीमित संख्या में बांटे जाने के कारण कई किसानों को खाद नहीं मिल सकी। अधिकारियों ने पहले आश्वासन दिया था कि शनिवार को सभी किसानों को डीएपी खाद दी जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इससे नाराज किसानों ने भानगढ़ रोड पर नारेबाजी करते हुए धरना शुरू कर दिया

पूर्व अध्यक्ष इंदर सिंह की समझाइश से थमा आंदोलन

सूचना मिलते ही पूर्व अध्यक्ष इंदर सिंह मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनीं और तुरंत एसडीएम विजय डेहरिया से फोन पर संपर्क किया। वार्ता के बाद यह सहमति बनी कि शनिवार को पहुंचे 48 किसानों की अलग सूची तैयार कर सोमवार को उन्हें प्राथमिकता के आधार पर खाद दी जाएगी। इसके बाद किसानों ने अपना धरना खत्म किया और चक्का जाम समाप्त हो गया।

यातायात ठप, राहगीरों को हुई परेशानी

किसानों के अचानक सड़क पर उतर आने से भानगढ़ रोड पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। दर्जनों दोपहिया और चारपहिया वाहन जाम में फंस गए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने स्थिति को सामान्य किया।

वेयरहाउस में 90 टन डीएपी का स्टॉक उपलब्ध

इस संबंध में वेयरहाउस प्रभारी नीलम राय ने बताया कि गोदाम में करीब 90 टन डीएपी खाद का स्टॉक उपलब्ध है। सोमवार से पांच काउंटरों पर वितरण शुरू किया जाएगा ताकि भीड़ न बढ़े और किसानों को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि शनिवार को टोकन वितरण और हंगामे की जानकारी उन्हें नहीं थी, लेकिन अब व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए हैं।

लगातार बढ़ रही है डीएपी की मांग

बीना क्षेत्र में रबी फसलों की बुवाई शुरू होने के कारण डीएपी खाद की मांग तेजी से बढ़ी है। किसान लगातार वेयरहाउसों और सहकारी समितियों के चक्कर लगा रहे हैं। कई किसानों ने आरोप लगाया कि खाद वितरण में अव्यवस्था और टोकन व्यवस्था की कमी के चलते उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है।

प्रशासन ने दिया आश्वासन

एसडीएम कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को सभी पंजीकृत किसानों को पारदर्शी व्यवस्था के तहत खाद उपलब्ध कराई जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी किसान को वंचित नहीं रहने दिया जाएगा और यदि वितरण में कोई गड़बड़ी पाई गई तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *