सड़क सुरक्षा पर आरटीओ की सख्ती: बस स्टैंड पर 52 बसों की जांच !

Spread the love

कलेक्टर श्री संदीप जी आर के निर्देश पर सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) सागर द्वारा रविवार को विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान चेकिंग दल के साथ आरटीओ ने शासकीय एवं प्रायवेट बस स्टैंड पर खड़ी यात्री बसों की बारीकी से जांच की।

जांच के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन द्वार, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स जैसे आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की जांच की गई। साथ ही बसों में यात्रियों द्वारा ले जाए जा रहे सामान की भी तलाशी ली गई ताकि किसी भी प्रकार का ज्वलनशील पदार्थ जैसे पेट्रोल, डीजल, कैरोसीन, पटाखे या तेजाब इत्यादि बसों में न ले जाए जा रहे हों।

मौके पर मौजूद ड्राइवर, कंडक्टर, हेल्पर और क्लीनर को सख्त हिदायत दी गई कि किसी भी स्थिति में ऐसे खतरनाक पदार्थों का परिवहन न करें।


साथ ही उन्हें बताया गया कि प्रत्येक यात्री बस में कम से कम 5 से 6 किलोग्राम क्षमता का अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से होना चाहिए, और यह भी बताया गया कि इसका प्रयोग आपातकालीन स्थिति में कैसे किया जाए।

आरटीओ ने बस कर्मियों को यह भी समझाया कि आग लगने की स्थिति में घबराने की बजाय धैर्यपूर्वक अग्निशमन यंत्र का प्रयोग कर नुकसान से बचा जा सकता है।

चेकिंग के दौरान चार यात्री बसों में आपातकालीन द्वार के सामने सीट लगी हुई पाई गई, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सीटों को निकलवाकर जब्त किया गया और संबंधित बसों पर अर्थदंड लगाया गया।
इसके अलावा, बस स्टैंड परिसर में लंबे समय से खड़ी अनावश्यक बसों पर भी जुर्माना किया गया।

कुल 52 बसों की जांच की गई, जिसमें से 27 बसों पर ₹77,000 का चालान कर जुर्माना वसूला गया।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने सभी वाहन स्वामियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे अपने वाहनों के संचालन के दौरान सभी वैध दस्तावेज जैसे बीमा, फिटनेस, परमिट, पंजीयन कार्ड, टैक्स सर्टिफिकेट, पीयूसी और हैवी ड्राइविंग लाइसेंस हमेशा साथ रखें।
साथ ही उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी भी बस में आपातकालीन द्वार पर सीट लगी पाई जाती है, तो विधि अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।


📌 सार:
👉 सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सागर आरटीओ की बड़ी कार्रवाई
👉 52 बसों की जांच में 27 बसों पर कार्रवाई
👉 आपातकालीन द्वार, अग्निशमन यंत्र और सुरक्षा उपकरणों की जांच
👉 ₹77 हजार का जुर्माना वसूला गया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *