तेज रफ्तार पिकअप को बचाने में ईंटों से भरा ट्रक पलटा !

Spread the love

मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में कटरा–मऊगंज मुख्य मार्ग पर बुधवार देर रात एक ईंटों से भरा ट्रक अचानक पलट गया। बहुती गांव के पास हुए इस हादसे में ट्रक चालक शिवम सिंह और खलासी शिवेंद्र सिंह घायल हो गए। दोनों को 112 पुलिस की मदद से सिविल अस्पताल मऊगंज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ, जब ट्रक (UP 70 GT 9037) सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क के बीचो-बीच पलट गया। ट्रक के पलटते ही सड़क पर ईंटें बिखर गईं, जिससे मुख्य मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई।

सूचना मिलने पर नईगढ़ी थाना प्रभारी जगदीश सिंह ठाकुर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया। सड़क से ट्रक और ईंटें हटाने के लिए जेसीबी मशीन बुलाई गई। देर रात से शुरू हुआ सफाई कार्य सुबह तक जारी रहा, जिसके बाद आंशिक रूप से यातायात बहाल कर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही है। घटना से यात्रियों को रातभर परेशानियों का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *