दमोह जिले में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नोहटा थाना क्षेत्र के धुनगी नाला के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में करीब 9 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों के परिजनों ने बस चालक पर शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

50 से ज्यादा यात्री थे सवार
जानकारी के अनुसार हादसे के समय बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। यह यात्री बस रोजाना भजिया से बांदकपुर के बीच संचालित होती है। बताया जा रहा है कि बस काफी पुरानी और जर्जर हालत में थी, बावजूद इसके उसे सड़कों पर दौड़ाया जा रहा था।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। कई लोग चीख-पुकार करते नजर आए। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
“ड्राइवर बार-बार नीचे देख रहा था”
लरगंवा गांव निवासी मनोहर आदिवासी ने बताया कि वह अपनी पत्नी भारती के साथ सिंगपुर से लरगंवा जा रहे थे। अचानक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में उनकी पत्नी घायल हो गईं।
मनोहर ने आरोप लगाया कि बस चालक शराब के नशे में था। उनका कहना था कि चालक बार-बार नीचे की ओर देख रहा था और ठीक से वाहन नहीं चला रहा था। इसी दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में जा पलटी।

बस में बैठते ही हुआ हादसा
पिपरिया गांव निवासी घायल महिला सीमा आदिवासी ने बताया कि वह बनवार जाने के लिए बस में सवार हुई थीं। उनके अनुसार बस चलने के कुछ ही देर बाद अचानक अनियंत्रित हो गई और पलट गई। हादसे में उन्हें भी चोटें आई हैं।
वहीं सिमरी गांव की रहने वाली देशरानी सेन भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। उन्होंने बताया कि वह रौंड जा रही थीं, लेकिन रास्ते में अचानक बस पलटने से घायल हो गईं।
जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे में घायल यात्रियों को दो 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में भर्ती घायलों में गुड्डी विश्वकर्मा (60), सीमा राजगौंड (26), देशरानी सेन (50), आकाश विश्वकर्मा, गोपाल (46), अर्चना, आयुषी (9) और बाबूलाल वंशवर्ती सहित अन्य यात्री शामिल हैं।
कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका डॉक्टरों की निगरानी में इलाज किया जा रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच
नोहटा थाना प्रभारी अभिषेक पटेल ने बताया कि महादेवघाट के पास बस पलटने की सूचना मिली थी। घटना में करीब 8 से 9 यात्री घायल हुए हैं। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही बस के दस्तावेज और फिटनेस की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा चालक की लापरवाही से हुआ या बस की खराब स्थिति इसकी वजह बनी।
जर्जर बसों पर उठे सवाल
हादसे के बाद एक बार फिर जिले में चल रही पुरानी और कंडम बसों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई निजी बसें खराब हालत में यात्रियों को ढो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई नहीं करता।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे वाहनों की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।