खुरई। दीपावली खुशहाली, रोशनी और एकता का पर्व है। यह अंधकार पर प्रकाश और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। यह विचार भाजपा युवा नेता अविराज सिंह ने खुरई में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि यह हमारे भीतर आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मक शक्ति का संचार करती है।

भूपेंद्र सिंह के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे अविराज सिंह ने कहा कि वे किसी पद या पदवी के रूप में नहीं, बल्कि एक भाजपा कार्यकर्ता, एक बेटे और एक भाई के रूप में उपस्थित हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति की विशेषता “वसुधैव कुटुम्बकम” की भावना में निहित है, जहाँ हम समस्त जगत के सुख और शांति की प्रार्थना करते हैं।
उन्होंने बताया कि दीपावली की शुरुआत धनतेरस से होती है, जबकि गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाती है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की राजनीति नीति, न्याय और सबको अपनाने की भावना पर आधारित थी, यही सच्ची राजनीति की परिभाषा है।

अविराज सिंह ने कहा कि दीपावली पर चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान केवल बाहरी नहीं, बल्कि आंतरिक शुद्धि का भी प्रतीक हैं। उन्होंने बताया कि नरक चतुर्दशी के दिन भगवान श्रीकृष्ण ने नरकासुर का वध किया था, जो धर्म और सत्य की विजय का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि भूपेंद्र भैया को भी कार्यक्रम में शामिल होना था, किंतु मुख्यमंत्री से विकास कार्यों पर चर्चा हेतु निर्धारित मुलाकात के कारण वे भोपाल रवाना हो गए। अविराज सिंह ने सभी से समाज में प्रेम, सौहार्द और एकता का संदेश फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कविताएं और कुमार विश्वास की पंक्तियाँ सुनाकर वातावरण भावनात्मक बना दिया। समारोह की शुरुआत माँ सरस्वती पूजन और कन्या पूजन से हुई। ग्रामीण व नगरीय क्षेत्रों से आए दिवारी गीतों की धुन पर उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ नृत्य कर कार्यक्रम में उत्साह भर दिया।
उन्होंने आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत सभी से स्वदेशी वस्तुएं खरीदने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन गब्बर सिंह ठाकुर ने किया और नगर मंडल अध्यक्ष राहुल चौधरी ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नन्ही बाई अहिरवार, राहुल चौधरी, जमना प्रसाद अहिरवार, रविन्द्र राजपूत, राजपाल सिंह राजपूत, रश्मि सोनी, प्रतिभा पुरोहित, माधवी कुर्मी, ऊषा ठाकुर सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सीएमओ राजेश मेहतेले मौजूद रहे।
कार्यक्रम स्थल पर दीपों की रोशनी और मिठाइयों के साथ उत्साह, सौहार्द और खुशहाली का वातावरण बना रहा।