भोपाल। पूर्व गृहमंत्री, पूर्व सांसद एवं खुरई विधायक श्री भूपेंद्र सिंह ने सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल से सौजन्य भेंट की। इस दौरान श्री सिंह ने उन्हें दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा प्रदेश में पार्टी संगठन को और मजबूत बनाने के लिए उनके नेतृत्व की सराहना की।

भेंट के दौरान दोनों नेताओं के बीच प्रदेश में भाजपा संगठन की गतिविधियों, विकास योजनाओं और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा हुई। श्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश विकास के नए आयाम छू रहा है और संगठन के सभी कार्यकर्ता ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल ने भी श्री भूपेंद्र सिंह को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से प्रदेश में भाजपा का जनाधार और मजबूत हुआ है।
इस सौहार्दपूर्ण मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने प्रदेश की जनता के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।