
सागर।
देवरी में मंगलवार रात खाद्य और राजस्व विभाग की टीम ने कौशल किशोर वार्ड में स्थित एक मसाला पिसाई चक्की पर दबिश दी। टीम को सूचना मिली थी कि मसालों में हानिकारक अखाद्य रंग मिलाए जा रहे हैं। मौके से धनिया और मिर्च के साथ 7 पैकेट अखाद्य रंग जब्त किए गए।

चक्की संचालक इदरीश खान ने बताया कि ये पैकेट उनके नहीं, बल्कि महेश ठाकुर के थे, जिन्हें वह चक्की में रखकर गया था। अधिकारियों ने महेश ठाकुर को मौके पर बुलाया, लेकिन उसने आने से इंकार कर दिया।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति राय ने बताया कि मसालों और अखाद्य रंग के सैंपल जाँच के लिए लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।