लेखिका और कॉलमनिस्ट शोभा डे ने अभिनेता रणवीर सिंह और फिल्ममेकर आदित्य धर के समर्थन में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि फिल्म डॉन 3 से जुड़े विवाद की आड़ में रणवीर सिंह और ‘धुरंधर’ टीम के खिलाफ साजिश रची जा रही है।
हाल ही में फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज यानी FWICE ने रणवीर सिंह के खिलाफ ‘नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव’ जारी किया था। यह कार्रवाई रणवीर के अचानक ‘डॉन 3’ से बाहर होने के बाद सामने आई।
इंस्टाग्राम वीडियो में शोभा डे ने उठाए सवाल
गुरुवार को शोभा डे ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर करते हुए पूरे विवाद पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कैप्शन में लिखा कि रणवीर सिंह बॉलीवुड के “दिल्ली जिमखाना” जैसे हैं, जिन्हें अलग-थलग करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने लिखा, “सबको साथ लेकर चलने की जगह अलगाव क्यों? धमकियां और दबाव बनाने की कोशिशें काम नहीं करेंगी। पहले भी नहीं कीं और आगे भी नहीं करेंगी।”

वीडियो में शोभा डे ने रणवीर सिंह विवाद की तुलना दिल्ली जिमखाना क्लब विवाद से की। उन्होंने कहा कि दोनों मामलों में उन्हें समानता नजर आती है।
“यह ताकत और कंट्रोल की लड़ाई है”
शोभा डे ने कहा कि यह पूरा मामला केवल एक फिल्म या कलाकार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ताकत, नियंत्रण और लोगों को उनकी जगह दिखाने की कोशिश जैसा लगता है।
उन्होंने कहा, “कुछ लोगों या संस्थाओं को निशाना बनाया जा रहा है, जिन्हें कुछ ताकतवर लोग जरूरत से ज्यादा प्रभावशाली मानते हैं।”

शोभा डे के मुताबिक, बॉलीवुड में इस तरह की राजनीति नई नहीं है, लेकिन जिस तरह रणवीर सिंह को टारगेट किया जा रहा है, वह चिंताजनक है।
रणवीर सिंह को बताया समझदार और शांत
शोभा डे ने रणवीर सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि वह पूरे विवाद के दौरान बेहद शांत और समझदारी से काम ले रहे हैं।
उन्होंने कहा, “रणवीर समझदार हैं और उन्हें सही सलाह मिल रही है। वह चुप हैं और कोई सार्वजनिक बयान नहीं दे रहे। उनके फैंस और समर्थक उनकी तरफ से जवाब दे रहे हैं।”
शोभा डे का मानना है कि रणवीर सिंह ने इस मामले में संयम दिखाकर परिपक्वता का परिचय दिया है।
FWICE की कार्रवाई पर उठाए सवाल
शोभा डे ने FWICE की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर यह मामला एक्सेल एंटरटेनमेंट, फरहान अख्तर और रणवीर सिंह के बीच का था, तो इसे कानूनी तरीके से सुलझाया जा सकता था।
उन्होंने कहा, “अगर विवाद था, तो वकील रखे जा सकते थे और अदालत का रुख किया जा सकता था। इसके लिए दूसरे लोगों को बीच में लाने की क्या जरूरत थी?”
शोभा डे ने यह भी कहा कि अचानक FWICE का इस तरह सक्रिय होकर रणवीर सिंह के खिलाफ खड़ा होना कई सवाल पैदा करता है।
आदित्य धर को लेकर भी जताई चिंता
शोभा डे ने फिल्म निर्देशक आदित्य धर का भी जिक्र किया और कहा कि ‘धुरंधर’ की सफलता के बाद उन्हें बॉलीवुड के कुछ ताकतवर लोगों के लिए खतरे के रूप में देखा जा रहा हो सकता है।

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि यह सिर्फ रणवीर सिंह के खिलाफ नहीं, बल्कि ‘धुरंधर’ से जुड़े लोगों, खासकर इसके डायरेक्टर आदित्य धर और निर्माताओं के खिलाफ भी साजिश हो सकती है।”
शोभा डे ने सवाल उठाया कि क्या आदित्य धर बॉलीवुड के कुछ प्रभावशाली लोगों के लिए खतरा बन गए हैं।
फरहान अख्तर से अदालत जाने की अपील
वीडियो के अंत में शोभा डे ने फरहान अख्तर से इस मामले को अदालत में ले जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कानून को यह तय करने देना चाहिए कि गलती किसकी है।
उन्होंने कहा, “आम लोगों के लिए अभी यह साफ नहीं है कि आखिर गलती किसकी है। इसलिए बेहतर होगा कि अदालत इस पूरे मामले पर फैसला करे।”
क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, रणवीर सिंह को लेकर लंबे समय से चर्चा थी कि वे ‘डॉन 3’ में नजर आएंगे। हालांकि बाद में उनके फिल्म से बाहर होने की खबरें सामने आईं। इसके बाद FWICE ने उनके खिलाफ असहयोग निर्देश जारी कर दिया।
इस विवाद ने बॉलीवुड में नई बहस छेड़ दी है। एक तरफ कुछ लोग रणवीर सिंह का समर्थन कर रहे हैं, तो वहीं कुछ लोग FWICE की कार्रवाई को सही ठहरा रहे हैं।
फिलहाल रणवीर सिंह, फरहान अख्तर या आदित्य धर की ओर से इस पूरे विवाद पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।