सागर। कलेक्टर संदीप जी.आर. ने अधिकारियों के साथ जैसीनगर के नयाखेड़ा पहुंचकर ग्राम चौपाल लगाई। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से स्थानीय समस्याओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम चौपाल में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत विवेक के.वी. सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

ग्रामवासियों ने फसलों को जंगली सूअरों से हो रहे नुकसान की समस्या प्रमुखता से उठाई। उन्होंने शासन की योजना के तहत फेंसिंग कराने की मांग रखी। इस पर कलेक्टर ने तत्काल अधिकारियों को निर्देशित करते हुए फेंसिंग के लिए योजना तैयार करने को कहा।

कलेक्टर ने ग्रामीणों से बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने का आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें डॉक्टर-इंजीनियर बनाने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने की सलाह दी, जिससे आय में वृद्धि के साथ स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा। साथ ही “एक बगिया मां के नाम” अभियान के तहत फलदार पौधे लगाने का सुझाव दिया।

इस दौरान कलेक्टर ने जनपद पंचायत अध्यक्ष बृजेंद्र सिंह ठाकुर एवं कृषकों के साथ खेत पर स्थापित जैविक गुड़ निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने गुड़ निर्माण प्रक्रिया की सराहना करते हुए इसके प्रचार-प्रसार और अन्य किसानों को प्रेरित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने ग्राम मिडवासा में उद्यानिकी विभाग का कैंप आयोजित करने और फलोद्यान लगाने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम में एसडीएम जैसीनगर रोहित वर्मा, उपसंचालक कृषि राजेश त्रिपाठी, उपसंचालक उद्यानिकी पी.एस. बड़ोले, तहसीलदार जैसीनगर, परियोजना संचालक एम.के. प्रजापति सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।